झांसी में जालौनियों का बड़ा कदम: “जालौन डिस्ट्रिक्ट फैंस एसोसिएशन” का गठन

सामाजिक एकजुटता को मिलेगा नया मंच, जल्द होगा ‘जालौन परिवार मिलन समारोह’

झांसी।

जनपद जालौन के मूल निवासियों, जो वर्तमान में झांसी में रह रहे हैं, को एक मंच पर लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए “जालौन डिस्ट्रिक्ट फैंस एसोसिएशन” का गठन किया गया है। इस संस्था का उद्देश्य आपसी मेल-मिलाप, सहयोग और सामाजिक समरसता को मजबूत करना है।

शहर के प्राचीन आस्था केंद्र श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर के सभागार में आयोजित प्रथम बैठक में बड़ी संख्या में जालौन मूल निवासी शामिल हुए। कार्यक्रम में संस्था गठन का सर्वसम्मति से स्वागत किया गया और इसे समय की जरूरत बताया गया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि जल्द ही एक भव्य “जालौन परिवार मिलन समारोह” आयोजित किया जाएगा, जिसमें झांसी में रह रहे जालौन के लोगों को एक साथ जोड़कर मजबूत सामाजिक नेटवर्क तैयार किया जाएगा। साथ ही संस्था की सदस्यता प्रक्रिया भी शीघ्र शुरू की जाएगी, जो ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से होगी।

संस्था के गठन में प्रमुख भूमिका निभाने वाले सेवानिवृत्त इंजीनियर अजय तरसौलिया और वरिष्ठ अधिवक्ता एवं समाजसेवी सुनील लोहिया ने अपने संबोधन में संगठन के उद्देश्यों और भावी योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह संगठन सामाजिक सहयोग, सांस्कृतिक जुड़ाव और पारस्परिक संबंधों को नई दिशा देगा।

कार्यक्रम को आध्यात्मिक गरिमा भी मिली, जब सिद्धपीठ श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर के पीठाधीश्वर पूज्य हरिओम जी पाठक एवं जगद्गुरु धीरेन्द्राचार्य महाराज (पारीक्षा) का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इस दौरान जितेंद्राचार्य शास्त्री जी ने स्वस्तिवाचन कर कार्यक्रम को प्रेरणादायक बना दिया।

इस अवसर पर समाजसेवी सुनील लोहिया (कोंच) को नामित सभासद बनाए जाने पर उपस्थित जनसमूह ने उनका जोरदार स्वागत किया। साथ ही अपना दल (एस) के बुंदेलखंड प्रभारी आनंद पटेल, बाबूजी बोहरा एवं भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष उदय लुहारी ने भी संस्था के गठन को सराहनीय पहल बताया।

बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने अपना परिचय देते हुए संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने इसे सामाजिक एकता की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि इससे जालौन के लोगों के बीच संबंध और अधिक प्रगाढ़ होंगे।

कार्यक्रम में अजय कुमार तरसौलिया, सुनील लोहिया, सुरेंद्र कुमार ओझा, सुधीर गोस्वामी, अशोक कुमार गुप्ता, डॉ. मुकेश गुप्ता, रघुवीर शरण गुप्ता, अरविंद शर्मा, सुमेश साहनी, प्रवीण यादव, जागेश्वर दयाल प्रजापति, आकाश प्रजापति, रामकृपाल लोधी, श्याम सुंदर वर्मा, परमात्मा शरण गुप्ता, राजेश दीक्षित, प्रेम प्रकाश अग्रवाल, नीरज गुप्ता, प्रमोद यादव सहित आधा सैकड़ा से अधिक लोग उपस्थित रहे।

अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को भविष्य में व्यापक स्तर पर विस्तार देने का संकल्प लिया।

Leave a comment

Recent posts