छापेमारी के दावे फेल, दुकानों में चल रहे स्कूल; अभिभावकों से मोटी वसूली का आरोप
महेवा/उरई।
जनपद में बिना मान्यता के स्कूलों पर रोक लगाने के शिक्षा विभाग के दावे सवालों के घेरे में हैं। महेवा क्षेत्र में कई ऐसे स्कूल खुलेआम संचालित हो रहे हैं, जिन पर हर वर्ष छापेमारी की औपचारिकता तो होती है, लेकिन कार्रवाई के अभाव में उनका संचालन लगातार जारी है।
दुकानों में चल रहे ‘स्कूल’, 8वीं तक दाखिले
निपनिया बस स्टैंड पर यूएस अकादमी और सनराइज स्कूल कथित रूप से दुकानों में बोर्ड लगाकर संचालित किए जा रहे हैं। इन विद्यालयों में 8वीं तक के बच्चों के प्रवेश कराए जा रहे हैं। आरोप है कि अंग्रेजी माध्यम के नाम पर अभिभावकों से मोटी फीस वसूली जा रही है, जबकि मान्यता न होने के कारण बाद में बच्चों को टीसी के लिए दूसरे विद्यालयों में भेजा जाता है।
सुरक्षा मानकों की अनदेखी
एक अन्य गैर-मान्यता प्राप्त संस्थान उड़ान अकादमी पेट्रोल पंप से महज 50 मीटर के भीतर संचालित हो रहा है, जो सुरक्षा मानकों के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय है। हैरानी की बात यह है कि अग्निशमन विभाग की ओर से भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
डिग्री कॉलेज परिसर में भी बिना मान्यता स्कूल
जानकारी के अनुसार एक डिग्री कॉलेज परिसर में संचालित हो रहा गुरुकुल स्कूल भी बिना मान्यता के चल रहा है, जो नियमों की खुली अवहेलना को दर्शाता है।
जिम्मेदारी तय करने की मांग
क्षेत्र में गैर-मान्यता प्राप्त स्कूलों की बढ़ती संख्या को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर इसके लिए जिम्मेदार कौन है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो बच्चों के भविष्य के साथ बड़ा खिलवाड़ हो सकता है।








Leave a comment