नियम तोड़ने वाले स्कूलों पर कार्रवाई तय, 15 अप्रैल को लगेगा पुस्तक मेला
उरई।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश स्ववित्तपोषित स्वतंत्र विद्यालय (शुल्क विनियमन) अधिनियम की बैठक में स्कूल संचालकों, प्रिंसिपलों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
डीएम ने हाल ही में बढ़ाई गई स्कूल फीस पर कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट कहा कि जिन विद्यालयों ने छात्रों से बढ़ी हुई फीस वसूली है, वे उसे या तो अभिभावकों को वापस करें या अगले माह की फीस में समायोजित करें। मनमाने ढंग से फीस बढ़ाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
NCERT किताबें अनिवार्य, निजी प्रकाशकों पर रोक
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों में NCERT की किताबें अनिवार्य रूप से लागू की जाएं। यदि कोई स्कूल छात्रों को अतिरिक्त या निजी प्रकाशकों की महंगी किताबें खरीदने के लिए बाध्य करता है, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।
15 अप्रैल को लगेगा पुस्तक मेला
अभिभावकों को राहत देने के लिए 15 अप्रैल को राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में पुस्तक मेले का आयोजन किया जाएगा, जहां NCERT की किताबें निर्धारित दरों पर उपलब्ध होंगी। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि मेले में अभिभावकों को पुस्तकों पर छूट भी दी जाएगी।
2026-27 सत्र में फीस बढ़ोतरी पर रोक
डीएम ने साफ किया कि ICSE, CBSE और यूपी बोर्ड से संचालित किसी भी विद्यालय को सत्र 2026-27 में फीस बढ़ाने की अनुमति नहीं है। साथ ही पिछले पांच वर्षों के भीतर यूनिफॉर्म बदलने वाले स्कूलों पर भी कार्रवाई होगी और वर्तमान ड्रेस ही लागू रहेगी।
जांच के लिए टीम गठित
जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित और बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्रप्रकाश को निर्देश दिए गए कि वे अपनी टीमों के साथ विद्यालयों की नियमित जांच करें। शिकायत मिलने पर तुरंत जांच कर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में वरिष्ठ कोषाधिकारी अवनीश सिंह सहित मॉर्निंग स्टार, एल्ड्रिच पब्लिक स्कूल, रामश्री पब्लिक स्कूल, विनायक एकेडमी समेत कई विद्यालयों के संचालक व प्रिंसिपल उपस्थित रहे।







Leave a comment