जिला शुल्क समिति का बड़ा फैसला: इस सत्र में फीस नहीं बढ़ेगी, 15 अप्रैल को लगेगा पुस्तक मेला

डीएम की अध्यक्षता में बैठक, अभिभावकों को राहत देने पर बनी सहमति

उरई।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में आयोजित जिला शुल्क विनियामक समिति की बैठक में बड़ा निर्णय लेते हुए जनपद के स्कूलों में फीस न बढ़ाने पर सर्वसम्मति बनी। इस फैसले से अभिभावकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित, बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्र प्रकाश, मुख्य कोषागार अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अमित सक्सेना, सीए दीपक गुप्ता, बुंदेलखंड सीबीएसई एसोसिएशन के अध्यक्ष इंजीनियर अजय इटौरिया सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधक और प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।

फीस बढ़ोतरी पर रोक, अभिभावकों को राहत

जिलाधिकारी ने विद्यालयों से मांगे गए फीस विवरण को समिति के समक्ष प्रस्तुत कराया, जिसके बाद सभी सदस्यों की सहमति से वर्तमान सत्र में फीस न बढ़ाने का निर्णय लिया गया। बैठक में यह भी तय हुआ कि शिक्षा व्यवस्था को अभिभावक हितैषी बनाया जाएगा।

किताबों पर भी राहत: लगेगा पुस्तक मेला

अभिभावकों को महंगी किताबों से राहत दिलाने के लिए 15 अप्रैल को जीआईसी हाल में पुस्तक मेला आयोजित किया जाएगा। इस मेले में विभिन्न पुस्तक विक्रेता अपनी दुकानें लगाकर थोक दरों पर किताबें उपलब्ध कराएंगे।

एसोसिएशन ने किया निर्णय का स्वागत

बुंदेलखंड सीबीएसई एसोसिएशन के अध्यक्ष इंजीनियर अजय इटौरिया ने जिलाधिकारी के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह फैसला बच्चों और अभिभावकों के हित में है। उन्होंने कहा कि प्रशासन हमेशा जनहित को प्राथमिकता देता है।

स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों से अपील

बैठक में उपस्थित सभी प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों ने एक स्वर में कहा कि बच्चों का हित सर्वोपरि है। अभिभावकों से अपील की गई कि वे मान्यता प्राप्त विद्यालयों में ही प्रवेश कराएं और फीस संरचना देखकर ही निर्णय लें। एसोसिएशन ने सहयोग का भरोसा भी दिया।

जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन के लिए सभी विद्यालयों को पत्र जारी कर नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।

Leave a comment