सभापति ने वर्चुअल फीता काटकर किया उद्घाटन, स्थानीय स्तर पर मिलेगा बेहतर इलाज
उरई।
राजकीय मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देते हुए आधुनिक डायलिसिस यूनिट मशीनों का उद्घाटन उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेन्द्र सिंह ने वर्चुअल माध्यम से फीता काटकर किया। इस सुविधा के शुरू होने से जनपद और आसपास के क्षेत्रों के किडनी रोगियों को अब स्थानीय स्तर पर ही बेहतर और सुलभ उपचार मिल सकेगा।
सभापति ने कहा कि रोगीहित सर्वोपरि है और चिकित्सकों को संवेदनशीलता एवं सेवा भाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं को और मजबूत करने पर जोर देते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही छात्र-छात्राओं को चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने और मरीजों के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।
अब नहीं जाना पड़ेगा दूर शहर
नई डायलिसिस यूनिट को जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ी उपलब्धि बताया जा रहा है। इसके शुरू होने से गंभीर किडनी रोगियों को अब इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर जाने की आवश्यकता कम होगी और उन्हें समय पर उपचार मिल सकेगा।
एक वर्ष की उपलब्धियां भी गिनाईं
राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरविंद त्रिवेदी ने पिछले एक वर्ष में संस्थान द्वारा दी गई स्वास्थ्य सेवाओं और उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज लगातार बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रहा है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्षा उर्विजा दीक्षित, सभापति जेडीसी बृजभूषण सिंह, जलशक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और चिकित्सक मौजूद रहे।
कार्यक्रम में मेडिकल व नर्सिंग स्टाफ, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।







Leave a comment