बुंदेलखंड में सिंचाई सुविधा का विस्तार, 425 हेक्टेयर असिंचित भूमि को मिलेगा पानी; जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने किया लोकार्पण

माधौगढ़ (जालौन)। बुंदेलखंड के किसानों को सिंचाई के लिए वर्षा पर निर्भरता से राहत दिलाने की दिशा में महोई पंप नहर परियोजना शुरू हो गई है। तहसील माधौगढ़ के ग्राम महोई में पहूज नदी के बाएं तट पर नवनिर्मित इस परियोजना का जल शक्ति एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने लोकार्पण किया। 22 करोड़ 32 लाख 53 हजार रुपये की लागत से तैयार परियोजना से महोई, महोबा और करमरा गांवों की 425 हेक्टेयर असिंचित भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। इससे क्षेत्र के 625 किसान लाभान्वित होंगे।

सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अंतर्गत डाली नहर खंड, झांसी द्वारा निर्मित इस परियोजना के शुरू होने से उन खेतों तक भी पानी पहुंचाने का रास्ता खुल गया है, जो अब तक सिंचाई सुविधा से वंचित थे। परियोजना के निर्माण से पहले प्रस्तावित 425 हेक्टेयर क्षेत्र में केवल 56 हेक्टेयर भूमि ही सिंचित थी। अब शेष भूमि को भी सिंचाई सुविधा से जोड़ने की व्यवस्था की गई है।

लोकार्पण के अवसर पर जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाना और उन्हें सिंचाई के पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। खेती की समृद्धि का आधार पानी है। जब किसान के खेत तक समय से पानी पहुंचेगा, तभी कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी और किसान आर्थिक रूप से सशक्त बनेंगे।

उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड जैसे क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार अत्यंत महत्वपूर्ण है। यहां प्राकृतिक परिस्थितियों और वर्षा पर निर्भरता के कारण किसानों को खेती में अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। सरकार नहरों, पंप नहरों और अन्य सिंचाई परियोजनाओं के माध्यम से इन चुनौतियों को दूर करने का प्रयास कर रही है। महोई पंप नहर परियोजना भी इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

आठ किलोमीटर की नहर प्रणाली, दो पंप सेट से होगी पानी की आपूर्ति

महोई पंप नहर परियोजना की क्षमता 10 क्यूसेक है। इसमें दो पंप सेट लगाए गए हैं, जिनमें एक कार्यरत रहेगा और दूसरा स्टैंडबाई के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा। परियोजना के तहत आठ किलोमीटर लंबी नहर प्रणाली विकसित की गई है और कुल हेड 46 मीटर निर्धारित है।

जल वितरण व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए लगभग आठ किलोमीटर लंबी पाइपलाइन, 25 कुलाबों और आवश्यक तकनीकी संरचनाओं का निर्माण कराया गया है। इनके माध्यम से महोई, महोबा और करमरा गांवों के विभिन्न क्षेत्रों तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।

परियोजना के माध्यम से 425 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इससे अब तक सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिलने वाले किसानों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।

सिंचाई सुविधा बढ़ने से कृषि उत्पादन में वृद्धि की उम्मीद

परियोजना के क्रियाशील होने से क्षेत्र में कृषि कार्यों को नई गति मिलने की संभावना है। खेतों तक पानी पहुंचने से किसान अपनी फसलों की सिंचाई बेहतर तरीके से कर सकेंगे। इससे कृषि उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आय में सुधार की संभावनाएं मजबूत होंगी।

महोई पंप नहर परियोजना का लोकार्पण माधौगढ़ क्षेत्र में सिंचाई संसाधनों के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे तीन गांवों के किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिलने के साथ बुंदेलखंड में जल संसाधनों के बेहतर उपयोग को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

इस अवसर पर माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, ब्लाक प्रमुख अजीत सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष जगदीश तिवारी, परमार्थ संस्था से संजय सिंह सहित जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply