डीएम समीर की पहल पर जिला प्रशासन ने की विशेष व्यवस्था, कक्षा चार की छात्रा शिफा ने लेखन सहायक बनकर पूरा कराया परीक्षा देने का सपना
उरई। हौसले बुलंद हों तो मुश्किल से मुश्किल परिस्थितियां भी रास्ता नहीं रोक सकतीं। उरई के शांतिनगर में हुए सिलेंडर ब्लास्ट हादसे में गंभीर रूप से झुलसी नन्हीं अमृता ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति से इसी बात को साबित कर दिया। हादसे में घायल होने के बावजूद जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश पाने का उसका सपना अधूरा न रह जाए, इसके लिए जिला प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए विशेष व्यवस्था की। जिलाधिकारी समीर के प्रयासों से अमृता ने शनिवार को जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा-2027 में प्रतिभाग किया।
जनपद जालौन के ग्राम एवं पोस्ट खन्नुवा, विकासखंड जालौन निवासी प्रदीप कुमार की पुत्री अमृता सिलेंडर ब्लास्ट हादसे में गंभीर रूप से झुलस गई थी। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। हादसे में घायल होने के कारण अमृता स्वयं लिखकर परीक्षा देने की स्थिति में नहीं थी। ऐसे में उसके शैक्षिक भविष्य और जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश पाने के सपने को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने विशेष पहल की।
जिलाधिकारी ने अमृता के स्वास्थ्य और परीक्षा में शामिल होने की संभावनाओं की लगातार निगरानी की। साथ ही झांसी जिला प्रशासन और मेडिकल कॉलेज प्रशासन से संपर्क कर परीक्षा में शामिल कराने के लिए आवश्यक समन्वय किया। प्रशासनिक प्रयासों के फलस्वरूप अमृता को प्रवेश परीक्षा में शामिल होने की अनुमति प्राप्त हुई।
शनिवार को अमृता अपने आवंटित परीक्षा केंद्र छत्रसाल इंटर कॉलेज पहुंची। शारीरिक असमर्थता को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देशन में प्राथमिक विद्यालय लोना, विकासखंड जालौन की कक्षा चार की छात्रा शिफा पुत्री मोहम्मद आजाद को लेखन सहायक (स्क्राइब) के रूप में नियुक्त किया गया। शिफा ने अमृता की ओर से प्रश्नों के उत्तर लिखने में सहयोग किया। इस तरह अमृता की जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा-2027 सकुशल संपन्न हुई।
मुख्यमंत्री की जनकल्याणकारी सोच और संवेदनशील प्रशासनिक व्यवस्था के अनुरूप जिला प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया कि एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा अमृता की शैक्षिक यात्रा में बाधा न बनने पाए। यह पहल केवल एक घायल बच्ची को परीक्षा दिलाने तक सीमित नहीं रही, बल्कि शिक्षा के अधिकार, उसके सपनों और भविष्य के प्रति प्रशासन की जिम्मेदारी का मानवीय उदाहरण भी बनी।
अमृता के साहस और शिफा के सहयोग ने इस परीक्षा को एक विशेष अवसर बना दिया। गंभीर चोटों के बावजूद परीक्षा में शामिल होने का अमृता का संकल्प और प्रशासन की संवेदनशीलता यह संदेश देती है कि कठिन परिस्थितियों में भी बच्चों की शिक्षा और उनके सपनों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।







Leave a Reply