उरई | श्री जगन्नाथ जी की रथ यात्रा की शुरुआत कालपी रोड स्थित श्याम धाम से आज शाम 5.00 बजे से शुरू हुई। सर्वप्रथम जगन्नाथ जी की पूजा अर्चना राष्ट्रवादी ब्राह्मण महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष मनीष शर्मा के द्वारा की गयी। मनीष शर्मा ने अपने पूरे परिवार के साथ जगन्नाथ जी की आरती की। उनके साथ इस्कॉन में विशेष आस्था रखने वाली उनकी पत्नी श्वेता शर्मा भी उनके साथ मौजूद रहीं। इसके अलावा शर्मा साइकिल के मालिक सुशांत शर्मा ने भी पूजा अर्चना की।
यात्रा के दौरान विभिन्न जनपदों से आए इस्कॉन के भक्तों ने हरे कृष्णा हरे रामा का मंत्र उच्चारण करते हुये वातावरण को रामकृष्ण का माहौल बना दिया। रथ यात्रा जहां जहां से भी निकली वहां हर तरफ लोग साथ में जुड़ते गये व रथ यात्रा का स्वागत करते दिखाई दिए | कई जगह जलपान, कहीं मिष्ठान, कहीं फल वितरण कर भक्तों ने रथ यात्रा में शामिल सभी लोगों का अभिनन्दन किया। कई जगह पुष्प वर्षा भी की गई है |
इस दौरान यात्रा में विदेशी भक्त भी दिखाए दिए | आपको बता दें कि पांच देशों से इस्कॉन के विदेशी भक्त इस यात्रा में शामिल हुए, जिन्होनें वाद्य यंत्र के साथ हरे कृष्ण मंत्र का जाप किया और भक्तों को अपनी ओर प्रेरित किया | जिधर से भी रथ यात्रा निकलती थी वहां लोग यात्रा में शामिल होकर हरे कृष्ण हरे राम मंत्र का जाप करते चले गए। यात्रा श्याम धाम से शुरू हुई उसके बाद अंबेडकर चौराहा , शहीद भगत सिंह चौराहा , घंटाघर होते हुए इस्कॉन केंद्र में उसका समापन हुआ।
कानपुर झांसी समेत कई जनपदों से भक्त इसमें शामिल हुये। यात्रा का नेतृत्व कर रहे आशीष तिवारी ‘प्रभु’ जी ने बताया कि भगवान जगन्नाथ मूर्ति के अन्दर उनका दिल है वह आज भी धड़कता है। हर 12 साल बाद जगन्नाथ मन्दिर में जगन्नाथ बलभद्र एवं उनकी बहिन सुभद्राकी मूर्ति को बदला जाता है। जब इन मूर्तियों को बदला जाता है तो उस समय पूरे शहर की बिजली बंद कर दी जाती है। सोनू शर्मा ने बताया कि भगवान जगन्नाथ की बड़ी आंखे दया, ज्ञान और करूणा की प्रतीक मानी जाती है। यात्रा में शामिल होने से मन को शांति मिलती है और 100 यज्ञों के बराबर फल प्राप्त होता है।
उन्होंने बताया कि एक और प्रथा जो भी जगन्नाथ पुरी से शुरू हुई थी जगन्नाथ जी की रथयात्रा में वहां का राजा रथ के आगे सोने की झाड़ू लगाकर रथ की अगुवाई करते हैं | इसी परंपरा को देखते हुए जनपद के विशेष गणमान्य लोग यात्रा के आगे झाड़ू लगाते दिखे। राष्ट्रवादी ब्राह्मण महासभा के प्रदेश अध्यक्ष मनीष शर्मा के द्वारा शहर में कई जगह पर भक्तों के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई जिसका भक्तों ने आनंद लिया। यात्रा इस्कान केन्द्र के प्रभारी माधव प्रभु के नेतृत्व में निकाली गयी। यात्रा के संयोजक ऋषभ प्रभु मुख्य भूमिका में दिखाई दिये। इस दौरान यात्रा में मन्दिर के मुख्य पुजारी रामकिशोर गुप्ता उर्फ दादा भगवान की सेवा में दिखाई दिये और इनके अलावा विजय कौंशल दाऊ ‘प्रभु’ भी मृदंग बजाते हुये भक्तों को मंत्रमुग्ध करते हुये राम नाम का जाप करते हुये दिखाई दिये।
यात्रा में इनके अलावा रमेश चन्द्र गुप्ता, रामराजा निरंजन, शरद शर्मा, ब्रजेश, सुरेन्द्र शर्मा, विजय गुप्ता, मोना, स्वेता, विद्या, आरती गुप्ता, पूजा, अंकित, विशाल, रेनू बाजपेयी, अनाया, अनुष्का, सीता देवी, वंदना, मानवी तिवारी, आशीष तिवारी आदि सैकड़ों भक्तगण हरे रामा हरे कृष्णा की धुन पर झूमते नजर आये।