सिरसाकलार-उरई।
चुर्खी थाना क्षेत्र के बिनौरा वैद्य में गांव में उस समय सनसनी फैल गयी जब राजेंद्र जाटव की 40 वर्षीय पत्नी गीता देवी का शव गांव के बाहर एक खेत में प्लास्टिक की फट्टी में लिपटा मिला।
स्वजनों ने बताया कि महिला रविवार को खेतों से चारा लेने गयी थी। इसके बाद वह घर लौटकर नहीं आयी। उसकी खोजबीन होती रही लेकिन रात में किसी की निगाह उस फट्टी पर नहीं पड़ी जिसमें महिला का शवा लिपटा हुआ था। सोमवार को सुबह जब लोग खेतों पर जा रहे थे तब खाई में पड़ा महिला का फट्टी में लिपटा शव दिखाई दिया। जिससे पूरे गांव में दहशत व्याप्त हो गयी। जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक ईराज राजा भी घटना स्थल पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित किये। थानाध्यक्ष अखिलेश द्विवेदी ने बताया कि महिला का पति राज मिस्त्री है और उसके तीन बच्चे हैं। खबर है कि बच्चों ने पिता पर आरोप लगाया है कि वे हमेशा मां के साथ मारपीट करते थे। फिलहाल प्रभारी निरीक्षक अखिलेश द्विवेदी ने कहा कि छानबीन की जा रही है। ठोस जानकारी मिलने पर ही वे कुछ कह सकेंगे।