उरई | गत 18 फ़रवरी की शाम कुठौंद थाना क्षेत्र में जालौनी माता मंदिर के पास मोटर साइकिल सवार अज्ञात बदमाशों द्वारा गोली चला कर दंपत्ति को लूट ले जाने के मामले में प्रभारी निरीक्षक के पी सरोज द्वारा एस ओ जी और सर्विलांस की टीम के साथ की गयी गहन छानबीन के कारण वारदात में शामिल बदमाशों की पहचान हो गयी |
इन बदमाशों के घेराबंदी के दौरान हुई गोलीबारी में दो बदमाश पुलिस की गोली से घायल होने के बाद दबोच लिए गए | दोनों कुख्यात बदमाश हैं | इनमें एक रिजवान उर्फ़ डूंडा उर्फ़ लूला जनपद औरैया के याना गाँव का निवासी 25 हजार रूपये का इनामी है | लूला दुर्दांत सलीम उर्फ़ पहलवान गिरोह का सदस्य रहा है | इसके खिलाफ दो दर्जन संगीन मुकदमे हैं | दुसरे बदमाश का नाम पंकज उर्फ़ रंगोली निवासी ग्राम नगला टूपियन थाना बकेवर जनपद इटावा बताया गया है | इसके खिलाफ भी 28 मुकदमे दर्ज हैं | पकडे गए बदमाशों से लूटे गए आभूषण , 23 हजार रूपये नकद , 2 तमंचे व चोरी की मोटर साइकिल की बरामदगी की गयी है |