उरई। कानपुर में सर्राफ महेंद्र सिंह भल्ला के यहां हुई 50 लाख रुपये की डकैती में वांछित आरोपी करुणेंद्र चैहान को जिले की एसओजी पुलिस टीम ने आखिर दबोच लिया। कानपुर और जालौन पुलिस लगातार मोस्ट वांटेड करुणेंद्र की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ दबिशें डाल रही थी। इस चुनौतीपूर्ण गिरफ्तारी पर एसओजी टीम प्रभारी वीपी चतुर्वेदी को शाबाशी देते हुए डीआईजी और एसपी ने उनके लिए नगद पारितोषक देने की भी घोषणा की है।
करुणेंद्र चैहान अपना आपराधिक चरित्र छिपाने के लिए धर्म और समाजसेवा का चोला ओढ़े रहता था। वह अपना परिचय जिला गौरक्षा समिति के प्रमुख के रूप में देता था। साथ ही वह बजरंग दल में भी सक्रिय था और धर्मांतरण मामले में गधे पर बैठा कर एक व्यक्ति का जुलूस निकालने के मामले मे गिरफ्तार होकर उसने कुछ लोगों की जबर्दस्त सहानुभूति बटोर रखी थी।
दो दिन पहले महेंद्र सिंह भल्ला के यहां पड़ी डकैती के मामले में कानपुर में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया था जिनके कब्जे से लाखों रुपये के जेवर बरामद हुए थे। उसी समय करुणेंद्र चैहान का नाम उक्त डकैती में मुख्य भूमिका निभाने वाले के रूप में सामने आया था। इसके बाद कानपुर और जालौन की एसओजी टीमें उसे पकड़ने के लिए बेतरह सक्रिय थीं।
इन कोशिशों के चलते जालौन की एसओजी टीम के प्रभारी वीपी चतुर्वेदी की मेहनत उस समय रंग लाई जब उन्होंने करुणेंद्र के छिपने के ठिकाने का पता लगाकर उसे धर दबोचा। करुणेंद्र रामपुरा थाने के ग्राम निनावली का निवासी है। जिले की एसओजी टीम ने उसे कानपुर पुलिस के हवाले कर दिया है। पूंछतांछ में कानपुर पुलिस अन्य वारदातों में भी उसके संलिप्त होने की संभावनाओं का पता लगा रही है।







Leave a Reply