07orai02उरई। मानसून के अच्छी तरह बरसने के लिए प्रार्थनारत लोगों का इंतजार रात से शुरू हुई बारिश के चलते खत्म हो गया। आज भी दिन भर रिमझिम मेघ गिरता रहा। जिससे गर्मी और उमस से लोगों को काफी हद तक निजात मिल गई। दिन भर मौसम सुहावना रहा।
जून के तीसरे सप्ताह में मानसून आने की भविष्यवाणी कमोवेश खाली चली गई। एक-दो दिन हुई छुटपुट बारिश से कोई लाभ होने की बजाय मौसम और ज्यादा तकलीफदेह बन गया था जिससे लोग बेहाल थे। कुछ किसानों ने प्रतीकात्मक बारिश में ही बुबाई तो कर ली थी लेकिन उन्हें अंदेशा था कि कहीं लंबे समय तक पानी न बरसा तो उन्हें बीज के पैसे तक से हाथ न धोने पड़ जायें। जुलाई के प्रथम सप्ताह में भी जब मानसून मेहरबान न हुआ तो उनकी फिक्र और ज्यादा बढ़ गई। लेकिन बुधवार की शाम से बदला मौसम आखिर उनके लिए तसल्लीबख्श बन गया। रात से शुरू हुई बारिश का क्रम रह-रह कर आज पूरे दिन जारी रहा। इसके कारण जहां मौसम सुहावना हो गया वहीं किसानों ने भी राहत की सांस ली। 11 जुलाई को होने वाले विशेष पौध रोपण के लिए मौसम का यह रुख वरदान माना जा रहा है।
बारिश के थमे रहने से सबसे ज्यादा चिंता पेयजल को लेकर बढ़ रही थी। हैंडपंप और नलकूंपों के नीचे का पानी लगातार खिसकने से तमाम तरह के अंदेशे सिर उठा रहे थे। लेकिन लगता है कि अब कुछ दिनों बारिश का क्रम चलेगा जिससे भूमिगत जल स्तर की गिरावट को रोकने के साथ-साथ जल स्तर बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। कृषि वैज्ञानिक खलील खान ने इस बारिश को खेती के लिए अमृत बताया। उन्होंने कहा है कि खरीफ की बुबाई के लिए अभी पर्याप्त समय है जिससे किसानों को यह बारिश बड़ी मदद देने वाली साबित हो रही है।
उधर शहर में मुख्य मार्गों व गलियों में बारिश की वजह से कीचड़ का अंबार लग गया है। ईद के कारण आज बाजार बंद था। जिससे सड़कों पर न के बराबर राहगीर चल रहे थे। लेकिन कल बाजार खुलने के बाद कीचड़ का नारकीय माहौल विकराल रूप ले सकता है। जल भराव की समस्या का अंदेशा भी जाहिर किया जा रहा है।

Leave a Reply