उरई। गांधी महाविद्यालय के प्रबंधतंत्र के भ्रष्टाचार के खिलाफ अरसे से संघर्ष कर रहे प्रोफेसर बीके सिंह एक बार फिर महाविद्यालय में अनिश्चित कालीन अनशन पर बैठ गये हैं। दूसरी ओर 24 घंटे बीत जाने के बावजूद अभी तक महाविद्यालय के प्रबंधतंत्र और प्रशासन ने उनकी सुध नही ली है।
बुंदेलखंड के बापू कहे जाने वाले पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व. चतुर्भुज शर्मा द्वारा संस्थापित गांधी शिक्षण संस्थान समूह प्रबंधन के कारनामों की वजह से अपनी गरिमा खोता चला गया। गांधी महाविद्यालय, डीवी काॅलेज के बाद जिले का दूसरा सबसे पुराना महाविद्यालय है जिसे राजनैतिक संपर्क की वजह से यूजीसी की भारी-भरकम ग्रांट भी मिलती रही लेकिन साख के मामले में यह महाविद्यालय डीवी काॅलेज से कोसों दूर रहा है। इस महाविद्यालय में पूर्व सांसद केडी त्रिपाठी जैसे विद्वान प्रिन्सिपल सुशोभित रहे लेकिन वे महाविद्यालय के लिए कुछ योगदान कर पाते इसकी बजाय प्रबंधन से संघर्ष करते-करते उन्हें असमय अपने जीवन की इतिश्री करनी पड़ी। प्रोफेसर बीके सिंह कालपी के विधायक और लंबे समय तक जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रह चुके स्व. बद्रीसिंह के सुपुत्र हैं। जिनके प्रबंधक स्व. माणिक चंद्र शर्मा से काफी गहरे निजी रिश्ते थे। लेकिन सिद्धांतवादी प्रोफेसर बीके सिंह ने जब प्रबंधन की गलत कार्यशैली देखी तो संबंधों की परवाह न करते हुए उन्होंने बगावत की राह अख्तियार की। कई बार उन्हें निलंबित करके उनका मनोबल तोड़ने की कोशिश की गई लेकिन उन्होंने संघर्ष की अलख जगाये रखी।
स्व. माणिक चंद्र शर्मा दतिया की प्रसिद्ध पीताम्बरा पीठ के न्यासी रहे हैं लेकिन फिर भी उन्होंने अपना दामन विवादों से बचाये रखने की सतर्कता नही बरती। दूसरी ओर प्रोफेसर बीके सिंह ऐसे मौन साधक हैं जिनके व्रत के आगे किसी पहुंचे हुए संत की भी शायद सानी न होगी। उन्हें सुबह से हुलकी माता मंदिर के फर्श की सफाई करते हुए जो लोग देखते होंगे वह उनकी सादा वेषभूषा के कारण कोई तुच्छ सेवक ही समझते होंगे। यह दूसरी बात है कि भगवत कार्य के लिए वे अपने को किसी भी मान-सम्मान से परे कर चुके हैं इसलिए जानने वालों के मन में उनके लिए अगाध श्रद्धा पनपती है। इस नाते उनका एक और अनशन प्रतिष्ठित लोगों के लिए मन को झकझोर देने वाला है। अगर प्रशासन में पहले के समय की तरह इंटेलीजेंस इनपुट के आधार पर सामाजिक क्रियाकलापों का मूल्याकन करने की भावना होती तो अधिकारी इस अनशन को तत्काल संज्ञान में लिये बिना नही रहते। बहरहाल प्रोफेसर बीके सिंह ने शिक्षकों की सैलरी वितरण में हो रही गड़बड़ी के विरोध में अनशन शुरू किया है। शहर के प्रबुद्ध वर्ग द्वारा जिलाधिकारी से मांग की जा रही है कि वे इस अनशन को देखते हुए प्रबंधन से जबाव तलब करें तांकि इसके कारण तनाव की कोई स्थिति उत्पन्न न हो सके।







Leave a Reply