उरई। सहज ई-विलेज कंपनी द्वारा प्रत्येक ग्राम पंचायत में जन सुविधा केंद्र खोलने के अभियान के तहत कोंच विकास खंड के अमीटा ग्राम में नव स्थापित केंद्र का शुभारंभ स्टेट हैड नीरज सिंह ने किया। इस अवसर पर स्टेट मैनेजर प्रभात रंजन, क्लस्टर हैड धर्मेंद्र कुमार श्रीवास्तव, एरिया मैनेजर गौरव सक्सेना, सहज टीम के हृदेश शर्मा और पुष्पराज तथा अमीटा ग्राम पंचायत प्रधान के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
स्टेट हैड नीरज सिंह ने इस अवसर पर कहा कि शासन की मंशा है कि लोगों को जरूरी प्रमाणपत्र हासिल करने व अन्य सेवाओं के लिए जिला या तहसील मुख्यालय पर आने-जाने की दौड़ न लगानी पड़े। उन्हें यह सेवाएं उनके ग्राम में ही उपलब्ध करा दी जायें। 40 ऐसी जरूरी सुविधाओं को गांव में उपलब्ध कराने के लिए जन सुविधा केंद्र खोले जा रहे हैं। उन्होंने अमीटा के जन सुविधा केंद्र संचालक रमाकांत वर्मा को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक सेवा के लिए निर्धारित शुल्क से अधिक की वसूली लोगों से न होने दें। जनपद में पीडीएम पुष्पेंद्र कुमार सिंह की देखरेख में यह कार्य चल रहा है। स्टेट हैड ने बताया कि जिले की 575 ग्राम पंचायतों में से 220 में जन सुविधा केंद्र स्थापित हो चुके हैं। जिन ग्रामों में अभी रिक्ति है उनके लिए इच्छुक आवेदक पुष्पेंद्र कुमार सिंह से संपर्क कर लें।







Leave a Reply