cropped-27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ce11.pngजालौन-उरई। बैंकों के अंदर तक टप्पेबाजों ने घुसपैठ कर ली है। स्टेट बैंक की स्थानीय शाखा में गोरा भूपका निवासी भगवती प्रसाद शुक्ला ने 48 हजार रुपये की रकम निकाली। उनके पास पहले से जेब में तीन हजार रुपये पड़े थे यह रुपये भी उन्होंने जेब से निकाल कर बैंक से निकाली गई रकम में मिला लिए और इस तरह 51 हजार रुपये एक बैग में रख लिए। वे बैग बगल में रखकर पासबुक में इंट्री कराने लगे तभी किसी ने बैग तड़ दिया। काफी देर तक इसके कारण बैंक में अफरा-तफरी रही। बाद में पुलिस को सूचना दी गई तो कोतवाली से दो सिपाही भेजकर औपचारिकता पूरी कर ली गई।
उधर इलाहाबाद बैंक की शाखा से औरेखी निवासी हरिश्चंद्र गुप्ता ने भी आज ही 20 हजार रुपये निकाले थे। इसके बाद वे तहसील आये जहां वे एक दुकान पर फोटो स्टेट कराने लगे इसी दौरान 20 हजार रुपये रखा उनका झोला कोई टप्पेबाज ले उड़ा।
लगातार हो रही टप्पेबाजी की घटनाओं से स्थानीय बैंकों का कारोबार गिरने की आशंका जाहिर की जा रही फिर भी बैंक प्रबंधन इन्हें रोकने में सक्रियता नही दिखा रहा। ऐसा लगता है कि बैंक के अंदर से ही ग्राहकों की खुफियागीरी होती है और उन सूचनाओं के आधार पर सीधे-साधे ग्राहक का शिकार कर दिया जाता है। टप्पेबाजों की पुलिस से भी कहीं न कहीं सांठगांठ जरूर है। पुलिस ने टप्पेबाजी की घटनाओं को दर्ज न करने का रवैया बना रखा है। जिसकी वजह से उच्चाधिकारियों के स्तर से कोतवाली से पूंछतांछ का खतरा भी नही रहता।
टप्पेबाजी के बढ़ते मामलों को बैंक में रुपये जमा कराने में हिफाजत समझने वाले लोगों के साथ विश्वासघात माना जा रहा है। जिससे लोग बेहद उद्वेलित हैं। सरकार के इकबाल की भी इन घटनाओं से धज्जियां उड़ चुकी हैं लेकिन केंद्र से लेकर सूबे तक की सरकार गुड गवर्नेंस के गाल जरूर बजाती है पर सरकार की बुनियादी तत्परता भी उनमें नही बची है।

Leave a Reply