16orai01उरई। इन्वेस्टिगेटिव पत्रकारिता की शुरूआत अमेरिका में वाटरगेट कांड से मानी जाती है। लेकिन उरई में इसके बहुत पहले लोकल अखबार के माध्यम् से स्थानीय लोगों को इसकी धमक महसूस करने को मिली जब इसके चलते मुख्यमंत्री पद के दावेदार शक्तिशाली कैबिनेट मंत्री को इस्तीफा देने के लिए मजबूर होना पड़ा।
उरई की पत्रकारिता में कई ऐतिहासिक अध्याय जुड़े हुए हैं। इनमें से एक है जिले के रहने वाले प्रदेश सरकार के तत्कालीन स्वशासन मंत्री चतुर्भुज शर्मा पर एक अमेरिकन युवती द्वारा लगाये गये अश्लील व्यवहार का भंडाफोड़। मंत्री के रसूख की वजह से युवती की शिकायत के बावजूद यह मामला दफन हो गया होता यदि उस समय स्व. जगत नारायण त्रिपाठी द्वारा संपादित दैनिक बहेलिया में इसका ब्यौरा प्रकाशित न हो पाता। 29 जून 1965 के अंक में जब बहेलिया में यह खबर छपी कि चतुर्भुज शर्मा के खिलाफ नैनीताल में एक अमेरिकन युवती ने उसके साथ अश्लील व्यवहार करने की शिकायत की है तो राजनीति में भूचाल आ गया। लेकिन पहले सरकार और चतुर्भुज शर्मा ने इस खबर को नकार दिया। कहा गया कि दैनिक बहेलिया ने मनमाने ढंग से झूठी खबर छापी है। जबकि किसी महिला के द्वारा मंत्री के खिलाफ ऐसी कोई शिकायत ही नही की गई है।
कौन थी शिकायत करने वाली महिला
अमेरिकन युवती भी कोई साधारण नही थी। बल्कि भारत के ही हाई प्रोफाइल परिवार से संबंधित थी। श्रीमती लिन कुमार की इस युवती ने पंजाब के पूर्व शिक्षा मंत्री और सांसद अमर नाथ विद्यालंकार के पुत्र से विवाह कर लिया था जिसके बाद वह भारत में ही बस गई थी। उसकी शिकायत के मुताबिक 5 जून 1965 को वह नैनीताल स्थित अपने ग्रीष्म कालीन आवास पर 8 वर्षीय अपने पुत्र को चलना सिखा रही थी। तभी मौर्निंगवाक पर निकले 65 वर्षीय चतुर्भुज शर्मा उसके पास रुक गये और उन्होंने लड़के को खिलाने के बहाने उसके साथ अश्लील व्यवहार करने का प्रयास किया। जिस पर वह किसी तरह भाग कर घर के भीतर घुस गई। यही नही शाम को फिर चतुर्भुज शर्मा ने उसके घर आकर उसके साथ अभद्र प्रयास किया। महिला ने अपने ससुर अमरनाथ विद्यालंकार को फोन पर मामले की जानकारी दी जिस पर उन्होंने तत्काल शिकायत करने को कहा। लेकिन महिला के पति नेपाल गये थे जिनके आने के इंतजार की वजह से उसने यह शिकायत तीन हफ्ते बाद दाखिल कर पाई। चतुर्भुज शर्मा ने इस मामले को झूठा बताते हुए पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रभान गुप्ता की साजिश से अखबार द्वारा झूठा समाचार छापे जाने का आरोप लगाया। इस बीच संसोपा के विधायक बलिया के मैनेजर सिंह ने यह मामला सदन में उठा दिया। मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब अखबार ने युवती की शिकायत का पूरा ब्यौरा छापकर मंत्री को जबर्दस्त घेराबंदी में जकड़ दिया। उस समय देश के प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री थे और मुख्यमंत्री सुचेता कृपलानी। इस कारण चतुर्भुज शर्मा से जबाव तलब हुआ और आखिर में उन्होंने इस्तीफा दे दिया। जबकि उस समय वे मुख्यमंत्री पद के सबसे सशक्त दावेदार थे।
वाटरगेट कांड के बाद भारत में भंडाफोड़ पत्रकारिता की शुरूआत महाराष्ट्र के तत्कालीन मुख्यमंत्री अब्दुल रहमान अंतुले के सीमेंट घोटाला कांड का सनसनीखेज समाचार इण्डियन एक्सपे्रस में प्रकाशित होने के बाद से मानी जाती है। जिसमें बाद में बेहद चहेते हुए भी अंतुले से मैडम इंदिरा गांधी को इस्तीफा लेना पड़ा था। लेकिन बहुत कम लोग यह जानते है कि इसके काफी पहले उरई में दैनिक बहेलिया ने भंडाफोड़ पत्रकारिता का अध्याय भारतीय पत्रकारिता में रचते हुए एक मंत्री को इस्तीफा देने के लिए विवश कर दिया था।

Leave a Reply