उरई। सदर नगर पालिका का कितनी तेजी से विस्तार हो रहा है इसका अनुमान इस बात से लगाया जा सकता है कि पिछले दशक में शहर के बाशिंदों की संख्या 1 लाख से कम थी जबकि आज वोटरों की संख्या ही 1 लाख 66 हजार 420 के आकड़ें पर पहुंच चुकी है।
नगर निकाय की मतदाता सूचियों को अपडेट करने के लिए चल रहे अभियान की समीक्षा हेतु जिलाधिकारी संदीप कौर द्वारा कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बुलाई गई बैठक में उरई नगर के विकराल विस्तार की जो झलक मतदाताओं की संख्या के माध्यम् से देखने को मिली उसकी वजह से लोगों की आंखे फटी रह सकती हैं। शहर में 33 हजार 284 परिवार अनुमानित किये गये हैं। जिनमें 16 हजार 849 परिवारों का सर्वे किया जा चुका है। अन्य प्रमुख शहरों में जालौन की वोटर संख्या 51 हजार 514, कोंच की 44 हजार 550 और कालपी की 44 हजार 123 मात्र है।
नगर पंचायतों में माधौगढ़ और कदौरा नगर क्षेत्र ही ऐसे हैं जिनका फैलाव हो रहा है। माधौगढ़ में वोटर संख्या 12 हजार 825 हो गई है जबकि कदौरा में 11 हजार 733। नदीगांव की वोटर संख्या तो कई ग्राम पंचायतों से गई गुजरी है। यहां केवल 6 हजार 293 वोटर हैं। कोटरा की भी कमोवेश यही स्थिति है। हालांकि रामपुरा और ऊमरी में आबादी का फैलाव जारी है जिसकी वजह से रामपुरा में वोटर संख्या 11 हजार 984 और ऊमरी में 8 हजार 269 हो गई है। मध्य प्रदेश के समीपवर्ती गांवों के लोग रामपुरा में तेजी से आकर बस रहे हैं। रामपुरा क्षेत्र में नदियों पर पुल बन जाने के बाद से इस नगर को और पंख लगने की उम्मीद है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी एसपी सिंह, अपर जिलाधिकारी आनंद कुमार, जिला विकास अधिकारी आरएस गौतम, परियोजना निदेशक चित्रसेन सिंह, सभी उप जिलाधिकारी और सैक्टर मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।







Leave a Reply