cropped-27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ce11.pngउरई। एटा जिले में जहरीली शराब पीने से दर्जनों लोगों की मौत के कारण प्रदेश सरकार सकते में है। इसलिए सभी जिलों में प्रशासन और आबकारी विभाग को एलर्ट किया गया है। लेकिन शासन के निर्देशों को एक कान से सुनकर दूसरे कान से निकाल देने की आदत के शिकार जिले के आबकारी विभाग में एलर्ट के नाम पर आज भी कोई हलचल नजर नही आई।
जिले में दूर जाने की जरूरत नही है। जिला मुख्यालय तक पर कबूतरों के डेरे में नौशादर से भारी मात्रा में शराब प्रतिदिन बनती और बिकती है। जिनके खिलाफ कार्रवाई के नाम पर औपचारिकता भर पूरी की जाती है जिससे कबूतरों के हौसले बढ़े हुए हैं। लेकिन सबसे ज्यादा खतरा तो पिछले कुछ समय से अधिकृत ठेकों से लोकप्रिय ब्रांडों की मिलावटी अंग्रेजी शराब तक की बिक्री से हो रही है। पीने वाले आये दिन शिकायत करते है कि मंहगी अंग्रेजी शराब पीने के बाद भी उनका सिर दुखने लगा और पूरे चैबीस घंटे उनकी हालत पस्त रही। इससे पता चलता है कि ठेकों पर यहां नशा बढ़ाने के लिए घातक दवाओं का मिश्रण शराब में किया जा रहा है। पानी मिली शराब की बिक्री तो हर ठेके पर आम बात है। लेकिन आज तक आबकारी विभाग ने मिलावट के आधार पर एक भी ठेके का चालान नही किया है।
उधर बियर में एमआरपी से 20 रुपये तक अधिक की ग्राहकों से उगाही ठेकों पर आये दिन मारपीट का सबब बनी हुई है। स्टेशन रोड स्थित माॅडल शाॅप में इसके विरोध की वजह से जमकर मारपीट हुई थी। लेकिन कोतवाली पुलिस ने दोनों से दान दक्षिणा लेकर मामले को निपटा दिया था। इस हरकत के कारण किसी दिन बीएसएनएल चैराहे के बियर ठेके पर भी बबाल होने वाला है। आबकारी विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई तो उन्होंने कोई एक्शन लेने की बजाय सरकार को बदनाम करने की दलीलें देनी शुरू कर दीं। आबकारी अधिकारी निजी बातचीत में खुले आम कहते हैं कि बियर की अधिक कीमत का मार्जिन मंत्री तक पहुंचता है। ऊपर के निर्देशों के वजह से ही वे इस मामले में ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई कैसे कर सकते हैं। लोग पूंछ रहे हैं कि क्या यह सच है।

Leave a Reply