19orai04 19orai05माधौगढ़-उरई। जिलाधिकारी संदीप कौर की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में नगर पंचायत के चर्चित अधिशाषी अधिकारी डीडी सिंह बिना कोई कारण बताये नदारत थे। डीएम ने जब तहसील रजिस्टर चैक किया तो डिप्टी आरएमओ भी गायब पाये गये। दोनों के खिलाफ उन्होंने एक दिन का वेतन काटने की कार्रवाई की है।
हेकड़ी के लिए पहचाने जाने वाले नगर पंचायत के ईओ डीडी सिंह को डीएम का अदब करने की भी परवाह नही है। स्ट्रीट लाइट लगवाने में लाखों रुपये खुलेआम हजम कर जाने वाले डीडी सिंह के खिलाफ जांच होना तो दूर एक नही चार नगर पंचायतें उनके हवाले रखी गई हैं। जिसके चलते उनका घमंड आसमान पर है। आज डीएम ने भी इसका प्रत्यक्ष अनुभव कर लिया जब उनकी अध्यक्षता वाले तहसील दिवस में भी डीडी सिंह को अपनी उपस्थिति दर्ज कराना गंवारा नही हुआ। देखने वाली बात यह है कि डीडी सिंह को केवल एक दिन का वेतन काटकर मोक्ष दे दिया जायेगा या उन पर और भी गाज गिरेगी।
तहसील दिवस में 155 शिकायतें आईं जिनमें आधा सैकड़ा शिकायतें इंदिरा आवास और राशन कार्ड से संबंधित थीं। हरौली के राजेंद्र सिंह ने शिकायत की कि उनके गांव का लेखपाल श्रीप्रकाश राठौर कल्याणकारी योजनाओं के गरीब आवेदकों से आय प्रमाण पत्र बनाने के लिए दो-दो हजार रुपये मांगता है। रुपये न देने पर वह खुलेआम उनकी आमदनी चार गुनी से ज्यादा लिख देने का दावा करते नही चूकता।
दुर्गम बीहड़ी तहसील होने की वजह से माधौगढ़ में सरकारी अमला कितना बेलगाम है इसकी झलक ग्राम अतरेहटी के गांव अहिवासियन का पुरा से आये लोगों की शिकायत से मिला जिन्होंने बताया कि उनके गांव के स्कूल के अध्यापक हरिकृष्ण अग्निहोत्री बिना छुटटी लिए एक साल से गायब हैं जिससे स्कूल न खुल पाने की वजह से उनके बच्चों का भविष्य खराब हो रहा है।
ब्लाॅक रामपुरा के पिचैरा ग्राम की गीता देवी ने शिकायत की कि लैट्रिन मंजूर करने के लिए उनके गांव का ग्राम विकास अधिकारी रामकुमार पांच हजार रुपये मांग रहा है। डीएम ने सभी शिकायतों में गंभीरता पूर्वक जांच के आदेश जारी किये हैं। उधर तहसील दिवस में मौजूद पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार त्रिपाठी ने लंबित शिकायतों को लेकर एसओ गोहन और एसओ रामपुरा को फटकार लगाई। तहसील दिवस के बाद डीएम, एसपी ने रामपुरा ब्लाॅक के पृथ्वीपुरा गांव में चैपाल आयोजित की। इसमें ग्रामीणों ने विभिन्न समस्यायें रखी जिनमें से कुछ का मौके पर ही निदान कर दिया गया। चैपाल में मुख्य विकास अधिकारी एसपी सिंह और एसडीएम व कई जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply