19orai03उरई। बुंदेलखंड में समाजवादी पार्टी की साख विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया की शुरूआत के पहले ही आपसी लटठम-लटठा की भेंट चढ़ती जा रही है। झांसी के इतिहास को दोहराते हुए विधानसभा चुनाव के उम्मीदवारों की स्थिति का आकलन करने आये पार्टी नेतृत्व के पर्यवेक्षकों के सामने यहां भी द्वंद छिड़ गया। मामला बिगड़ते देख कार्यकर्ताओं से विचार विमर्श पूरा करने के पहले ही पर्यवेक्षक बन कर आये एमएलसी रमेश मिश्रा और दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री जगदेव सिंह यादव पार्टी के जिला कार्यालय के पिछले दरवाजे से अपने को सुरक्षित बचाकर खिसक लिए।
पार्टी हाईकमान की लखनऊ में हुई बैठक के बाद सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने सभी जिलों में पर्यवेक्षक भेजकर संभावित प्रत्याशियों की चुनावी हैसियत एक बार फिर तौलने का एलान किया था। ऊपर भी पार्टी में द्वंद चल रहा है। चूंकि पार्टी के तमाम प्रत्याशी शिवपाल सिंह यादव ने अपनी तरफ से घोषित कर दिये थे जिसका रामगोपाल को कहीं न कहीं मलाल है। मुख्तार अंसारी प्रकरण के बाद बदले माहौल में शिवपाल के चहेते प्रत्याशियों को बदलने की भूमिका के बतौर रामगोपाल यादव ने यह व्यूह रचना की है। लेकिन इसके कारण जिलों में पर्यवेक्षकों के सामने ही पार्टी के लोगों में हो रही सिर फुटव्वल से पार्टी की फिजा खराब होने के आसार बन गये हैं।
बहरहाल उरई में पार्टी हाईकमान के पर्यवेक्षक बनकर आये एमएलसी रमेश मिश्रा और दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री जगदेव सिंह यादव जब इकलासपुरा स्थित पार्टी कार्यालय के अध्यक्ष कक्ष में एक-एक स्थानीय नेता को बुलाकर वार्ता कर रहे थे उसी समय गेट पर अध्यक्ष धीरेंद्र यादव की उन लोगों से बहस हो गई जो भीतर घुसने के लिए जबर्दस्ती कर रहे थे। बहस के दौरान उत्तेजित कार्यकर्ता ऊंची आवाज में यह कहते हुए सुने गये कि अध्यक्ष केवल अपने लोगों की मुलाकात पर्यवेक्षकों से करा रहे हैं जिससे पर्यवेक्षकों के लिए सही आकलन संभव नही होगा। विरोधी कार्यकर्ताओं का कहना था कि वे इसे सहन नही करेंगे। इसी बीच पूर्व जिलाध्यक्ष वीरपाल सिंह यादव के जिंदाबाद और अध्यक्ष के विरोध में तेज नारेबाजी होने लगी जिससे पर्यवेक्षक चैंक गये। इस नारेबाजी के चलते माहौल गरम होने लगा जिससे आपस में हाथापाई की स्थिति बनती नजर आई तो पर्यवेक्षकों ने विचार विमर्श को स्थगित कर दिया और तेजी से उठकर पीछे के दरवाजे से बाहर निकल गये।
इस दौरान पार्टी कार्यालय में सदर विधायक दयाशंकर वर्मा, पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी, माधौगढ़ क्षेत्र से पार्टी के प्रत्याशी लाखन सिंह कुशवाहा, माधौगढ़ के पूर्व ब्लाॅक प्रमुख सुदामा दीक्षित, कालपी क्षेत्र के प्रत्याशी विष्णुपाल सिंह नन्हू राजा और बुजुर्ग नेता इंद्रजीत सिंह यादव खासतौर से मौजूद रहे।

Leave a Reply