0 विस क्षेत्रों की मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण की समीक्षा की एसडीएम ने
konch1कोंच-उरई। विधानसभा चुनाव को लेकर मतदाता सूचियों के जारी संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा के दौरान अभी भी कई बूथों पर बढा ईपी रेशियो और कम जेंडर रेशियो अधिकारियों को हलकान किये है। यहां तहसील में एसडीएम ने सुपरवाइजर्स के साथ अब तक की जो समीक्षा की है उसमें हालांकि काफी सकारात्मक परिणाम मिले हैं और गलत तथा खारिजा बाले मतदाताओं की अच्छी खासी संख्या निकल कर आई है। जिन बूथों पर लिंगानुपात और ईपी रेशियो सामान्य स्तर से कम या ज्यादा हैं वहां अधिकारी खुद जाकर इस असामान्यता की वजहें तलाशेंगे।
तहसील सभागार में सुपरवाइजर्स के साथ समीक्षा बैठक करने के बाद एसडीएम गोरेलाल शुक्ला ने बताया कि निर्वाचन आयोग की मंशा के तहत चल रहे वोटर लिस्टों के संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्य आगामी 25 जुलाई को समाप्त हो जायेगा, इसके बाद पहली सितंबर से नये वोटर बढाने की प्रक्रिया शुरू होगी। उन्होंने बताया अब तक की समीक्षा में बीएलओज का काम काज संतोषजनक तो है लेकिन कुछ बूथों पर ईपी रेशियो बढ कर आया है तो कई बूथों पर जेंडर रेशियों सामान्य लेबिल से नीचे है जो चिंताजनक है। ऐसे बूथों पर स्वयं वे तथा तहसीलदार जाकर देखेंगे कि इन बिषमताओं की बजहें आखिर हैं क्या। उन्होंने यह भी बताया कि माधौगढ विधानसभा क्षेत्र (आंशिक) में एरर के 4773 तथा मृतक, शिफ्टिड और डबलिंग बाले 5801 मामले सामने आये हैं, जबकि उरई विस (आंशिक) में एरर के 1768 तथा मृतक, शिफ्टिड व डबलिंग के 1342 मामले निकल कर आये हैं जिनकी फीडिंग का काम जारी है। उन्होंने बताया कि निर्वाचन का काम इस गति से जारी है कि यदि चुनाव आयोग अभी चुनाव कराने की घोषणा कर दे तो सारी तैयारियां लगभग पूरी ही हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि माधौगढ में 3 तथा उरई विस में 1 अतिरिक्त बूथ बढाये गये हैं और अब सेक्टर तथा रूट चार्ट की तैयारी युद्घ स्तर पर की जा रही है। इसके अलावा तहसील क्षेत्र के सभी 251 बूथों के आउट लाइन मैप कम्प्यूटराइज्ड करा लिये गये हैं। एसडीएम ने बताया कि सेक्टर कट जाने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा सेक्टर मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति कर दी जायेगी और सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने अपने बूथों पर जाकर स्थिति का जायजा लेंगे जिसमें पहुंच मार्ग, बूथ की इमारत की स्थिति, टॉयलेट तथा बिजली आदि सुविधायें देखेंगे। स्थानीय निकाय में जारी पुनरीक्षण को लेकर भी उन्होंने दो टूक कहा कि दो जगह से वोटर पाये जाने पर जन प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया जायेगा।
कम लिंगानुपात के अधिकांश मामले बीहड़ इलाकों के
हालांकि अभी तक की समीक्षा में कम लिंगानुपात के जो मामले सामने आये हैं उनमें नब्बे फीसदी मामले उन इलाकों के हैं जहां नदियां और बीहड़ हैं। मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण में तहसील क्षेत्र के दक्षिण पश्चिम इलाकों जहां से पहूज और बेतवा नदियां निकलती हैं, में ही ज्यादातर मामले हैं। बकौल एसडीएम गोरेलाल शुक्ला प्रति 1 हजार के सापेक्ष सामान्य स्तर 863 है, लेकिन बेतवा बेल्ट के भरसूंड़ा में 683, जमरोही खुर्द 794, छिरावली में 784, बसोव 793, पिंडारी 808 है जो सामान्य से काफी कम है। इसके अलावा नदीगांव ब्लॉक की पहूज बीहड़ पट्टी के दर्जनों गांव ऐसे हैं जिनमें जेंडर रेशियो सामान्य स्तर से काफी कम है। इसकी वजहें क्या हो सकती हैं, इसकी पड़ताल करने के लिये एसडीएम और तहसीलदार स्वयं इन बूथों पर जायेंगे। इसके इतर अगर इलाकाई लोगों की मानें तो जिन गांवों में जेंडर रेशियो डाउन होकर आया है उनमें तमाम युवाओं की शादियां ही नहीं हुई हैं और कुंवारों की संख्या ज्यादा होने के कारण लिंगानुपात गिरा है। लोग इन इलाकों में अपनी बेटियां नहीं व्याहने जाते हैं जिसके चलते युवा कब प्रौढ हो गये और कब बुढापे ने उन्हें अपने आगोश में ले लिया, उन्हें खुद ही नहीं पता चल पाता है।

Leave a Reply