20orai02माधौगढ़-उरई। यहां की नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी धनुष धारी सिंह दूसरे यादव सिंह के रूप में चर्चित हैं। कई गंभीर आरोपों के बावजूद उनके पास पांच नगर पंचायतों का प्रभार है। लूट-खसोट की अंधी कमाई की वजह से यादव सिंह की तरह ही धनुष धारी सिंह भी अपने को इतना हैवीवेट मानने लगे हैं कि उन्हें डीएम तक का अदब नही रह गया। मंगलवार को आयोजित तहसील दिवस में जिलाधिकारी की अध्यक्षता जानते हुए भी उन्हें उपस्थित होना गवारा नही हुआ। इससे उनके गुरूर का अंदाजा किया जा सकता है।
माधौगढ़ के अलावा रामपुरा, ऊमरी, कोटरा और कदौरा की भी नगर पंचायतों का चार्ज संभाले धनुष धारी सिंह की काबलियत का उच्चाधिकारी शायद इस कदर लोहा मानते हैं मानों उनके अलावा प्रशासन में सभी अंधे हों और केवल उनके काने होने की वजह से उन्हें राजा मानने को उच्चाधिकारी मजबूर हों। पिछले डीएम रामगणेश जी के जमाने में तो धनुष धारी सिंह थोक में नगर पंचायतों की बागडोर संभाल कर जलबा अफरोज बने ही हुए थे लेकिन उनके तबादले के बाद जिन्होंने यह सोच रखा था कि धनुष धारी सिंह की हैसियत में कुछ गिरावट आयेगी। उनका अंदाजे में चूक साबित हो रही है। कुछ दिनों जरूर धनुष धारी सिंह के पंख कटे रहे लेकिन इसके बाद आज उनका रुतबा यथावत हो चुका है।
धनुष धारी सिंह पांच जगह का चार्ज होने का लाभ उठाकर जिले से अक्सर गायब रहते हैं तांकि वे नगर पंचायतों की देखरेख की बजाय अपने परिवार की परवरिश की असल जिम्मेदारी सहूलियत से निभा सकें। धनुष धारी सिंह तभी प्रकट होते है जब किसी नगर पंचायत में टेंडर पड़ने होते हैं। उनके कार्य क्षेत्र की सभी नगर पंचायतों में पूल टेंडर की शिकायत आम है। सही बात तो यह है कि उनकी नगर पंचायतों में ठेकेदार डमी होता है और वास्तविकता में खुद धनुष धारी सिंह ही ठेका लेते हैं। इस कारण टेंडरों के विज्ञापन गोपनीय रूप से छपवाये जाते हैं। जिससे अन्य ठेकेदारों को जानकारी न हो पाये। उनका डमी ठेकेदार दो-तीन और डमी नामों से टेंडर डालने की औपचारिकता पूरी करता है। आखिर उसी के नाम से टेंडर खुल जाता है। इस तरह धनुष धारी सिंह की बेनामी ठेकेदारी उनकी नगर पंचायतों में जमकर फली-फूली है। उन्होंने सबसे ज्यादा कमाई स्ट्रीट लाइट के टेंडरों में की है। लाइट असल कीमत से कई गुना ज्यादा में खरीद कर भारी मुनाफा कमाया गया। इसकी ऊपर तक शिकायत हुई फिर भी धनुष धारी सिंह का बालबांका नही हो सका।
माधौगढ़ में उनके चहेते बाबू पौण्ड मुहर्रिर पुरुषोत्तम तिवारी का भी जलबा कुछ कम नही है। उनके दरवाजे पर सात-आठ लाख रुपये खर्च करके नगर पंचायत द्वारा व्यक्तिगत पुलिया बनवाई गई है। जबकि उसके आगे कोई दूसरा घर नही है। यह साफ तौर पर अधिकारों के दुरुपयोग और गबन का मामला है। लेकिन इसके बावजूद कोई कार्रवाई नही हो रही। सत्तारूढ़ पार्टी के नेता भी अब नगर पंचायत में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ उबाल खाने लगे हैं। समाजवादी पार्टी के नेता राजू चिरहा ने स्ट्रीट लाइट के टेंडर में हुई घपलेबाजी की शिकायत जिलाधिकारी व अन्य उच्चाधिकारियों को भेजी है। इसे उन पर ब्रहमास्त्र का प्रहार माना जा रहा है लेकिन सत्तारूढ़ पार्टी के नेता की आवाज भी उनके इकबाल को भेद पायेगी इसमें लोगों को संदेह है।

Leave a Reply