उरई। किसान दिवस पर सबसे ज्यादा आग बिजली विभाग को लेकर बरसी। किसान नेता शुरू हो गये तो उन्होंने इस विभाग की कमियों की पूरी फेहरिस्त ही सुना डाली। मुसमरिया में डेढ़ वर्ष से टूटी पड़ी लाइन खंभे पहुंच जाने के बावजूद आज तक नही पहुंच पाई। जिससे इस हाईटेक युग में भी टैक्निकल डिपार्टमेंट में शुमार बिजली विभाग में आदिम दस्तूर जारी रहने का पता चलता है।
इसके साथ ही 25 केवीए के निजी नलकूपों के लिए दिये गये ट्रांसफार्मरों की गुणवत्ता पर सवाल उठाया गया। अंधाधुंध कटौती को लेकर भी बिजली विभाग पर जमकर प्रहार हुए। किसान नेताओं के कड़े तेवर के कारण बिजली विभाग के अधिकारियों को जबाव देते नही बना। जिलाधिकारी संदीप कौर भी इस फजीहत से परेशान नजर आईं।
जिलाधिकारी ने बैंकों से सभी किसानों के के्रडिट कार्ड जल्द से जल्द बनाने को कहा। उन्होंने किसानों के कर्जों का रिनूवल करने के भी निर्देश दिये। किसान नेताओं ने बैंकों में भ्रष्टाचार के कारण केसीसी बनाने से लेकर लोन पास करने तक में की जा रही घूसखोरी न थम पाने पर भी गहरी नाराजगी जताई। एक अन्य जानकारी में बताया गया कि नई कृषि बीमा योजना से 52 गांव अभी छूटे हुए हैं। जिलाधिकारी ने इन गांवों को भी तत्काल बीमा योजना से जोड़ने की हिदायत जारी की। रबी का क्लेम भी किसानों को दिलवाने के निर्देश भी उन्होंने दिये। बैठक में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बलराम सिंह लंबरदार, प्रदेश अध्यक्ष राजवीर सिंह जादौन, जेंटर सिंह, बृजेश सिंह आदि मौजूद थे।







Leave a Reply