Milky_way_broken_European (1)
कुठौंद-उरई। मुख्यमंत्री तक का दरवाजा खटखटाने के बावजूद जिले का प्रशासन सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन कराने की जहमत नही उठा रहा। प्रशासन के इस रवैये की वजह से व्यवस्था अराजकता और जंगलराज में गर्क होती जा रही है।
थाना क्षेत्र के मिहौना गांव में खलिहान की जमीन पर कब्जा करके दबंगों ने पक्का मकान बना लिया है। सोनू यादव ने गत् वर्ष इसकी शिकायत उप जिलाधिकारी जालौन से की लेकिन उनके निर्देशों के बावजूद कब्जा नही हटवाया जा सका। इसके बाद वे जिलाधिकारी से मिले उन्होंने भी तहसील प्रशासन को उक्त कब्जा हटाने के लिए लिख मारा। लेकिन नतीजा फिर भी सिफर बटा सिफर ही रहा।
बाद में गत् 2 जून को सपा के वरिष्ठ नेता और श्रीसिंह विकास संस्थान के अध्यक्ष महाराज सिंह यादव ने इस मामले में मुख्यमंत्री कार्यालय में शिकायत की जहां से सुप्रीम कोर्ट के गांव समाज की परिसंपत्तियों पर से कब्जा हटवाने के फैसले का हवाला देते हुए जिलाधिकारी को इस मामले में तत्काल कारगर कार्रवाई कराने के लिए कहा गया। जिलाधिकारी के यहां से मामला प्राथमिकता के साथ उप जिलाधिकारी जालौन कार्यालय को भेज दिया गया। उप जिलाधिकारी ने क्षेत्र के नायब तहसीलदार से मौके पर जाकर कब्जा हटवाने के लिए कहा है लेकिन शिकायतकर्ताओं को अभी भी आश्वासन के अलावा कोई अनुतोष नही मिल पाया है। मुख्यमंत्री संदर्भ तक की शिकायतों में रुचि न लेकर जिले के अधिकारियों ने जता दिया है कि यहां का प्रशासन कितना अकर्मण्य और बेनकाब हो चुका है। क्या मुख्यमंत्री इस पर ध्यान देकर जिले में अपने इकबाल की रक्षा के लिए कोई फैसला लेंगे।

Leave a Reply