cropped-27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ce11.pngमहेबा-उरई। अटरा कलां के प्रधान ने जल भराव की तकलीफ से ग्रामीणों को निजात दिलाने की पहल की है। जिसके तहत एक किलोमीटर लंबा छह फुट चैड़ाई का नाला उन्होंने पंचायत निधि से निर्मित कराया। बारिश में इस नाले के कारण मिली राहत से ग्रामीण प्रधान की कार्यशैली पर गदगद हैं।
अटरा कलां के प्रधान अनिल अहिरवार समस्याओं के समाधान और द्रुत विकास के कारण पंचायती राज व्यवस्था में नजीर कायम कर रहे हैं। गांव में सबसे भीषण समस्या जल भराव की थी जिसका नाला निर्माण कराकर उन्होंने स्थाई समाधान करा दिया है। इसी क्रम में स्वच्छ भारत अभियान को अपने गांव में फैलाने के लिए उन्होंने आधा दर्जन गरीबों को निजी शौचालय बनवाने के लिए सरकारी मदद दिलवाई।
प्रधान ने गांव तक सुगम आवागमन की व्यवस्था एक किलोमीटर के गुणवत्तापूर्ण संपर्क मार्ग के निर्माण के जरिये की है। लेकिन उनके नेक इरादों में सफाई की व्यवस्था बाधक साबित हो रही है। गांव में किसी सफाई कर्मचारी की नियुक्ति न होने से गंदगी का अंबार लगा रहता है। जिससे खिन्न होने की वजह से कभी-कभी उनकी कर्मठता पस्त होने लगती है।
गांव समाज की परिसंपत्तियों को विघ्न संतोषियों से सुरक्षित करने के लिए भी उन्हें संघर्ष झेलना पड़ रहा है। गांव के चंद्रपाल और सुरेंद्र पाल दबंगों में गिने जाते हैं जिन्होंने खलिहान की जमीन पर कब्जा करके पक्के मकान बना लिये हैं। प्रधान चुने जाने के बाद अनिल ने प्रयास किया कि इन लोगों को समझा-बुझाकर कब्जा हटाने के लिए रजामंद किया जाये। लेकिन वे इसमें सहयोग देने को तैयार नही हैं। हारकर उन्होंने डीएम को ज्ञापन दिया है तांकि प्रशासन कब्जा हटवाने की कार्रवाई कर सके। अनिल का कहना है कि अगर अधिकारी उन्हें संरक्षण और सहयोग प्रदान करें तो वे अपनी ग्राम पंचायत को आदर्श पंचायत के रूप में निखार कर दिखा देंगे।

Leave a Reply