उरई। जिले के लोक निर्माण विभाग को रियो ओलंपिक शुरू होने के ठीक पहले दूसरी बार अंतर्राष्ट्रीय शील्ड मिली है। जनाधिकार मोर्चा इसके लिए लोक निर्माण विभाग की जिले में कार्यरत् तीनो इकाइयों के अधिशाषी अभियंताओं का नागरिक सम्मान करेगा, यह घोषणा एक पत्रकार वार्ता में मोर्चा के जिला संयोजक अशोक गुप्ता और उनके समर्थक संगठनों के नेताओं ने संयुक्त रूप से की।
अशोक गुप्ता ने पत्रकार वार्ता में कहा कि लोक निर्माण विभाग के जिले में कार्यरत खंडों की मेहनत का फल था कि यहां की जोल्हूपुर कदौरा सड़क को अंतर्राष्ट्रीय ख्याति के डिस्कवरी चैनल ने विश्व की सबसे खराब सड़क की शील्ड दी थी। इस शील्ड को जिले में बरकरार रखने में इस वर्ष लोक निर्माण विभाग को कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा था। अशोक गुप्ता ने कहा कि लेकिन लोक निर्माण विभाग ने जिले और देश की शोहरत को बनाये रखने में कोई कसर नही छूटने दी। उसके असीम श्रम का नतीजा है कि कागजों में इस सड़क की मरम्मत के लिए लाखों रुपये खर्च करके भी इसकी दुर्दशा को बनाये रखने में सफलता प्राप्त की गई और रियो ओलंपिक के पहले हुई ग्रेडिंग में उरई-कोंच रोड इस बार दुनियां की सबसे खराब सड़क का तमगा हासिल करने में सफल रही है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही वे जिलाधिकारी के माध्यम् से लोक निर्माण विभाग के तीनो अधिशाषी अभियंताओं को नागरिक सम्मान स्वीकार करने के लिए रजामंद करेंगे।
अशोक गुप्ता ने ध्यान दिलाया कि जनाधिकार मोर्चा के गठन के बाद उसके द्वारा छेड़े गये आंदोलन का फल है कि वर्षों तक यातना का कारण बने रहे जोल्हूपुर कदौरा मार्ग को राज्य सरकार को सीसी करने का फैसला लेना पड़ा तांकि समस्या का स्थाई अंत हो सके। उन्होंने यह भी ध्यान दिलाया कि उरई के स्टेशन रोड सड़क का निर्माण भी नही हो पाता अगर इसके लिए जनाधिकार मोर्चा ने संघर्ष का बीड़ा न उठाया होता। जनाधिकार मोर्चा का नया टास्क उरई कोंच मार्ग का स्थाई रूप से सुदृढ़ीकरण कराना है। गत् सोमवार को जनाधिकार मोर्चा के तत्वावधान में बुजुर्ग नेताओं ने उमस भरी धूप में बस स्टैण्ड पर हठयोगनुमा धरना खुले में देकर इसके आंदोलन का आगाज किया है। अगले चरण में 31 जुलाई को इसे लेकर मण्डलायुक्त के. राममोहन राव को उनके उरई प्रवास के दौरान ज्ञापन भेंट किया जायेगा। इसके बाद मोर्चा के नेता उरई कोंच मार्ग के किनारे के सभी गांवों में सभाएं करके उन्हें एक निश्चित दिन अपने-अपने गांव के सामने के सड़क के हिस्से पर जाम लगाने के लिए तैयार किया जायेगा।
पत्रकार वार्ता में आम आदमी पार्टी के संयोजक दीनदयाल काका, जगदीश गुप्ता, आलोक शुक्ला, गोपाल जी मिश्रा, नरेंद्र सिंह राजपूत, अखिलेश शर्मा आदि मौजूद थे।







Leave a Reply