उरई। जिला पंचायत की प्राइम बबीना सीट के उपचुनाव में शनिवार को नाम वापसी के अंतिम दिन मूल प्रत्याशियों के कागजात जांच में ओके होने के बाद लगभग सभी डमी प्रत्याशियों ने उम्मीदवारी वापस ले ली। उन्हें चुनाव चिन्ह का आवंटन भी कर दिया गया है। लेकिन विजय सिंह तिरही के परिवार से अभी भी कई उम्मीदवार एक-दूसरे का सामना करने का आभास देते हुए मोर्चें पर डटे हुए हैं।
दिवंगत जिला पंचायत अध्यक्ष फरहा नाज की सीट होने की वजह से यह माना जा रहा है कि एक बार फिर जिला पंचायत अध्यक्ष पद का रास्ता बबीना सीट से ही होकर गुजरेगा। जिला पंचायत में किसी एक दल का बहुमत नही है। यह स्थिति पिछले कई चुनावों से चली आ रही है। इस कारण यह सभी जानते हैं कि यह दो नंबरी चुनाव है। हर चुनाव में जिला पंचायत सदस्यों ने अपनी बोली कितने गुना बढ़ाई कच्ची लिखापढ़ी में सभी जिला पंचायत अध्यक्षों के यहां यह दर्ज है। मरहूम जिला पंचायत अध्यक्ष फरहा नाज को इस कुर्सी तक पहुंचने की कितनी मंहगी कीमत चुकानी पड़ी थी और इसका सुख भोगने के पहले ही वे दुनियां से विदा ले गईं जिसका अफसोस सभी को रहा लेकिन उनकी मेहनत वसूल कराने के लिए उनके परिवार को एकराय से जिला पंचायत में चुनवाने का अनुमान सही साबित नही हो सका। बल्कि उनकी ननद आसना खातून के लिए जोरदार घेराबंदी की गई है जिससे चुनाव में बेहद कड़े मुकाबले के आसार बन गये हैं और इन हालातों के चलते फरहा नाज के परिजनों को एक बार फिर सदस्यीय में ही चुनावी हवा का रुख अपनी ओर मोड़ने के लिए अच्छी खासी लागत खर्च करनी पड़ सकती है। उधर उनके खिलाफ मुकाबिल होने से दूसरे उम्मीदवार भी खर्च के मामले में उनकी बराबरी करने के दबाव में हैं।
आसना खातून का मुख्य मुकाबला भाजपा प्रत्याशी और पूर्व विधायक स्व. वीर सिंह बबीना की बहू प्रेरणा से है जबकि प्रेरणा की सास प्रद्युम्न सिंह की पत्नी कमलेश कुमारी ने पहले से तय स्थिति के मुताबिक आज अपना पर्चा वापस ले लिया। उनके अलावा परमानंद तिरही की पत्नी विनीता और विजय तिरही के पुत्र निर्दोष तिरही के साथ-साथ राधेश्याम तिरही ने भी आज अपना पर्चा वापस ले लिया।
अब जो उम्मीदवार जो मैदान में बचे हैं उनमें अजीत कुमार जयपुरा को आरी, आसना खातून को उगता सूरज, नीलम को कप प्लेट, प्रेरणा सिंह को कलम दवात, महादेवी पत्नी विजय सिंह को कुल्हाड़ी और वर्षा देवी पत्नी राधेश्याम को केतली चुनाव चिन्ह दिया गया।







Leave a Reply