फैलोज ने ग्रामीण अंचलों में काम करने की चुनौतियों को परखा
कोंच। बुंदेलखंड दर्शन के लिये ग्रामोदय विश्वविद्यालय चित्रकूट के दर्जन भर फैलोज घूमते घामते कोंच पहुंचे जहां उन्होंने ग्रामीण अंचलों में काम करने में आने बाली चुनौतियों के बारे में जानकारी इकट्ठा की। यहां की संस्था समर्पण जन कल्याण समिति द्वारा कराये गये कार्यों प्रक्रियाओं, रणनीतियों आदि के बारे में जमीनी परिणामों को देखा व गहरायी से समझ बनायी।
लखनऊ विश्वविद्यालय के समाज कार्य विभाग के आकाश त्रिपाठी ने सुविधादाता की भूमिका निभायी। समर्पण जन कल्याण समिति के कार्यक्रम निदेशक राधेकृष्ण ने जहां संस्था के विजन, मिशन, उदेश्यों, मूल्यों, रणनीतियों व आये बदलावों के बारे में फैलोज कार्यकर्ताओं के एक एक सवाल का विंदुवार जबाव दिया। संस्था के विंध्य कैमूर क्षेत्र के क्षेत्रीय समन्वयक बलवीरसिंह ने आने बाली दिक्कतों चुनौतियों तथा उनसे किस प्रकार समुदाय आधारित प्रक्रियाओं की जानकारी दी। प्रदीपकुमार सिंह ने सभी फैलोज को ब्यौना राजा व मऊ गांवों का फील्ड विजिट कराया। महिला किसान आरोह मंच की राज्य स्तरीय समिति की सदस्य गिरिजादेवी ने महिलाओं के अधिकारों एवं किये गये हस्तक्षेपों की विस्तार से जानकारी दी। गिरिजादेवी ने बताया कि समर्पण संस्था के द्वारा मार्गदर्शन व जानकारी सदैव मिलती रहती है तथा तब के और अब के ब्यौना राजा में आया बदलाव महिला किसानों के सामूहिक प्रयासों व संदर्शों की दास्तान है। सभी महिलाओं ने मिलकर सोचा और सामूहिक निर्णय लिये, सभी ने मिलकर अपने गांव का बारीकी से नियोजन इस प्रकार किया जिसे सभी समझ सकें। गिरजादेवी ने पूरे आत्म विश्वास व गर्व से बताया कि समर्पण ने अपने पर विश्वास करना सिखाया, भीतर के डर को समाप्त किया, लोगों ने अपनी भाषा में गीत बनाये घर से बाहर निकले खुद समझ बनी और दूसरों को समझाया। पहले लोगों ने माखौल उड़ाया लेकिन फिर धीरे धीरे सहयोगी बन गये। महिलाओं ने मिलकर जलागम विकास का कार्य आधी कीमत पर किया, महिलाओं को किसान का दर्जा मिले तथा उनकी अलग पहचान बने, मालिकाना हक का अहसास कराने हेतु गांव गांव गये जहां लगभग 70 प्रतिशत परिवारों की खाद्य सुरक्षा दिलाई। सिंचाई के साधन अल्प थे, ऐसे में महिलाओं ने मिलकर सभी को समझाया समुदाय के 40 प्रतिशत श्रम सहयोग से न केवल खेतों की मेंड़बंदी हुई बल्कि प्लग व चैकडैम आदि बनाये गये।
साथी उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड प्रभारी अंजनीकुमार ने कहा कि जो कार्य समर्पण जन कल्याण समिति के संयोजन से गांव के लोगों ने नदीगांव के बीहड़ क्षेत्र के गांवों में सामुदायिकता, सहभागिता उन्हीं की अगुवाई में किया गया है व स्थायी विकास का सबसे बड़ा उदाहरण है जो संस्था ने बीहड़ के बसे ग्रामीणों खासतौर पर महिलाओं से सुना है समझा है महसूस किया है, वह काबिले तारीफ है। बुंदेलखंड दर्शन हेतु बांदा, महोबा, ललितपुर, झांसी के सामाजिक संगठनों के प्रयासों व प्रभावों को जानने के बाद फैलोज ने समर्पण जन कल्याण समिति के द्वारा कराये गये प्रयासों को सराहा और अपेक्षा जताई कि इनके बारे में सभी को जानना चाहिये ताकि अन्य जगहों पर इसी प्रकार के काम हो सकें। सभी को संस्था के पब्लिकेशन की पुस्तकें पत्रिकायें वितरित की गईं।








Leave a Reply