उरई। बुलंदशहर में मां-बेटी के साथ हाइवे पर रोड होल्डप करने वाले गिरोह द्वारा गैंग रेप की घटना से हिल उत्तर प्रदेश पुलिस पूरे राज्य में हरकत में आ गई है। इसके मददेनजर मंगलवार की रात जालौन के एसपी भी हाइवे पर चैकिंग के लिए खुद उतर पड़े। उन्होंने उरई से कालपी तक कई जगह हाइवे पर संदिग्धों को रोककर उनकी छानबीन की। इसी के साथ हाइवे थानों और गश्तीदलों की चुस्ती को भी परखा।
जालौन जिले में वैसे हाइवे पर बुलंदशहर जैसी घटना का अंदेशा दुर्लभ है। लेकिन यहां जब मौरंग ट्रक चलते हैं तो हाइवे पर भी ट्रक ड्राइवर व स्टाॅफ के लुट जाने की घटनाएं प्रकाश में आ जाती हैं जो कहीं न कहीं पुलिस की लापरवाही को दर्शाती हैं। बुलंदशहर की घटना के बाद पूरे प्रदेश में जिस तरह से हलचल मची है उसमें ऐसी किसी घटना की मामूली चिंगारी भी जिले के पुलिस अफसरों के कैरियर के लिए काम-तमाम का कारण बन सकती है। इस कारण पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार त्रिपाठी ने हाइवे क्षेत्र के सभी थानों को फिलहाल कुछ दिन रात में अतिरिक्त अलर्ट बनाये रखने का संदेश देने के लिए कल रात खुद हाइवे पर पैट्रोलिंग की कवायद की। उन्हें जो भी संदिग्ध लगा भले ही वह बच्चा हो या बूढ़ा उसे रोककर उसकी टार्च की रोशनी फेंककर बारीकी से परख की और उससे तमाम सवाल किये। संतुष्ट होने के बाद ही उन्होंने ऐसे लोगों को जाने दिया।
एसपी ने सभी क्षेत्राधिकारियों से कहा है कि वे भी अपने-अपने सर्किल में हाइवे व अन्य मुख्य मार्गों पर इसी तरह गश्त पर निकलें। इससे थानों की चैकसी का इम्तिहान भी हो सकेगा। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार त्रिपाठी ने कहा कि अगर मुख्य मार्गों पर पुलिस की जीपें रात 3 बजे तक दौड़ती रहें तो रोड होल्डप करने वाले गिरोह जिले से छू-मंतर रहने के लिए मजबूर रहेंगे। इसलिए लगातार बीती रात जैसे अपने अभियान को वे फाॅलो करेंगे।







Leave a Reply