उरई। शनिवार को कदौरा ब्लाक में जिला पंचायत की बबीना सीट के उपचुनाव के लिए गहमा-गहमी भरा मतदान होगा। इसमें आधा दर्जन उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 37 हजार 767 मतदाता करेंगे। उपचुनाव के लिए प्रचार का शोरगुल गुरुवार की शाम को ही थम गया था। लेकिन गुपचुप तरीके से हर हथकंडे से मतदाताओं का दिल जीतने का अभियान आखिरी समय तक चलाये जाने के आसार नजर आ रहे हैं। उपचुनाव को साम्प्रदायिक रंगत देने की कोशिश भी कुछ लोगों द्वारा की जा रही है। जिससे माहौल संवेदनशील हो गया है। प्रशासन को किसी भी अप्रिय स्थिति की नौबत बचाने के लिए कड़ी जददोजहद करनी पड़ रही है।
उपचुनाव में दिवंगत फरहा नाज की ननद आसना खातून मुख्य रूप से जोर आजमाइश कर रहीं हैं। उनके अलावा प्रमुख प्रत्याशियों में भाजपा समर्थित प्रेरणा सिंह और नीलम यादव शामिल हैं। चुनाव में धनबल और बाहुबल दोनों का ही भरपूर इस्तेमाल हो रहा है। जिला पंचायत सीट के लिहाज से इसे काफी महंगा उपचुनाव माना जा रहा है।
उपचुनाव के लिए 31 मतदान केंद्रों में 54 मतदेय स्थल बनाये गये हैं। गड़बड़ी रोकने के लिए मतदान के दिन एक स्थैतिक मजिस्ट्रेट, दो जोनल और 9 सैक्टर मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई गई है। पूरे चुनाव क्षेत्र को चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात कर कील दिया गया है।







Leave a Reply