cropped-27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ce11.pngजालौन-उरई। बिजली विभाग के नवागंतुक एसडीओ विकास सोनी अपने बड़बोलेपन के कारण मुसीबत में घिर गये हैं। उन पर मुख्यमंत्री को कल का लड़का कह देने का आरोप मढ़ा जा रहा है। आरोप इतनी गंभीरता से लगाया गया है कि सपा के एक कार्यकर्ता ने बाकायदा कोतवाली में इसकी लिखित तहरीर भी दे डाली है। एसडीओ साहब को अब सफाई देते नही बन रहा है।
दो दिन पहले ही विकास सोनी कोंच में इसी पद से स्थानांतरित होकर जालौन आये हैं। कछोरन निवासी सपा कार्यकर्ता अनुराग निरंजन अपने घर के सामने के तार हटवाने के लिए उनके पास पहुंचे। बताया जाता है कि विकास सोनी नियमों का हवाला देकर टालमटोल करने लगे तो अर्दब में लेने के लिए अनुराग निरंजन ने उन्हें समाजवादी पार्टी का कार्यकर्ता होने की घुड़की दी। विकास सोनी इससे चिढ़ गये और उन्होंने बातों-बातों में कुछ ऐसा कह दिया जिसे अनुराग निरंजन ले उड़े। अब विकास सोनी परेशान घूम रहे हैं।
अनुराग निरंजन का कहना है कि विकास सोनी ने समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता का परिचय देने पर उन्हें नीचा दिखाने के लिए मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष को कल का लड़का बता डाला। दूसरी ओर विकास सोनी का कहना है कि उन्होंने मुख्यमंत्री और जिलाध्यक्ष के सम्मान के विरुद्ध कोई बात नही कही है। उधर पुलिस ने कहा कि अनुराग निरंजन की शिकायत की जांच की जा रही है।

Leave a Reply