उरई। विगत सप्ताह शास्त्रीय संगीत एवं हिंदी साहित्याकाश के तीन दैदीप्यमान सितारे सदा-सदा के लिए अस्त हो गये। इनमें तबला वादक पं. लच्छू महाराज, क्रांतिकारी कवि नीलाभ और महान उपन्यास एवं कथाकार महाश्वेता देवी शामिल हैं। रविवार को प्रो. सतीश चंद्र शर्मा के आवास पर आयोजित भारतीय जननाट्य संघ (इप्टा) की बैठक में शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
अपने अध्यक्षीय सम्बोधन में देवेंद्र शुक्ला ने महाश्वेता देवी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें समाज में निर्मम शोषण के शिकार मेहनतकश गरीबों, दलितों एवं आदिवासियों की आवाज बताया। झांसी की रानी, हजार चैरासी की मां और मास्टर साहब जैसी उनकी कालजयी रचानएं शोषण के खिलाफ संघर्ष में क्रांति की मशाल बनी रहेंगी।
क्रान्तिकारी कवि नीलाभ को याद करते हुए इप्टा राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य डाॅ. सतीश चंद्र शर्मा ने बताया कि हिंदी के महान साहित्यकार उपेंद्रनाथ अश्क के पुत्र नीलाभ वामधारा के क्रान्तिकारी कवि थे। बीबीसी लंदन में वर्षों तक समाचार सम्पादक रहे नीलाभ को अपने पिता को तरह जीवन के आखिरी दिनों घोर आर्थिक तंगी का शिकार होना पड़ा और समुचित इलाज के अभाव में उनका निधन हो गया।
इप्टा महासचिव राजपप्पन ने शास्त्रीय संगीत की महान हस्ती पं. लच्छू महाराज के जीवन पर प्रकाश डाला और उनके निधन को भारतीय संगीत जगत की अपूर्णीय क्षति बताया। अंत में स्मृतिशेष हस्तियों के सम्मान में दो मिनट का मौन धारण किया गया।
शोकसभा के पूर्व बैठक में आगामी 20 अगस्त झांसी में होने जा रहे प्रगतिशील लेखक संघ के प्रान्तीय सम्मेलन में इप्टा उरई की ओर से रास्ता इधर से है नाटक के साथ भागीदारी का निर्णय लिया गया। बैठक में संजीव, धर्मेंद्र, दीपेंद्र, धनीराम, अवधेश शर्मा, चंदन, अमर, गौरव आदि शामिल हुए।







Leave a Reply