0 मामला मथुरा प्रसाद महाविद्यालय प्रबंध समिति के प्रबंधक व कोषाध्यक्ष के चुनाव का
कोंच-उरई। नगर की सबसे प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्था मथुरा प्रसाद स्नातकोत्तर महाविद्यालय की प्रबंध कमेटी के उपाध्यक्ष/प्रबंधक तथा कोषाध्यक्ष के रिक्त पदों के चुनाव की घोषणा के साथ ही इन पदों को हथियाने की होड़ भी शुरू हो गई है। दावेदारों की लंबी फेहरिस्त बताती है कि चुनाव का भूत सिर चढ़ कर बोल रहा है और चुनाव काफी दिलचस्प होगा।
महाविद्यालय के स्थापना काल से ही प्रबंध समिति के अजेय उपाध्यक्ष/प्रबंधक रहे विजयकृष्ण निरंजन नन्ना सिमिरिया तथा कोषाध्यक्ष अनिल कुमार निरंजन बबलू तीतरा के असमय निधन से रिक्त हुये पदों पर चुनाव होने हैं। प्रबंध कमेटी की कई दौर की मैराथन बैठकों के बाद अंततः कमेटी के आजीवन अध्यक्ष पं. जगत नारायण दीक्षित ने सेठ विन्द्रावन इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल बृजबल्लभ सिंह सेंगर को चुनाव अधिकारी नामित किया और पिछले दिनों हुई बैठक में चुनाव तिथियों की घोषणा कर दी गई थी जिसके मुताबिक कल 3 सितंबर को नामांकन होना है और आगामी 16 सितंबर को मतदान।
अभी तक की मिली जानकारी में चुनाव दिलचस्प होने के पूरे आसार हैं क्योंकि उपाध्यक्ष/प्रबंधक जैसे अति महत्वपूर्ण पद के लिए कमोवेश आठ दावेदार चेहरे प्रकाश में आ रहे हैं। इन चेहरों में निवर्तमान प्रबंधक नन्ना के परिवारजन हरीकृष्ण निरंजन भी उत्तराधिकार का दावा करने बाले हैं। इसके अलावा गांवदारी की राजनीति में उनके धुर विरोधी गुलाब सिंह मास्टर सिमिरिया का नाम भी प्रत्याशियों की फेहरिस्त में शुमार बताया जा रहा है। गोविंद सिंह निरंजन नक्टेला, संतराम तिवारी टिमरों, सिद्धांत शिरोमणि सीरौठिया जैसे चेहरे भी चर्चा में हैं। कोषाध्यक्ष पद के लिए शिवकुमार निरंजन, प्रभुदयाल गौतम आदि नामों की चर्चा है। आगामी 16 सितंबर को होने वाले मतदान में किसकी किस्मत चमकती है, यह देखना बाकई काफी दिलचस्प होगा।
नामांकन में पहचान पत्र दिखाना ही पड़ेगा
मथुराप्रसाद महाविद्यालय की एजूकेशन सोसाइटी की जारी चुनाव प्रक्रिया में कल 3 सितंबर को होने वाले नामांकन को लेकर सहायक निर्वाचन अधिकारी ब्रजबल्लभ सिंह सेंगर ने नामांकन करने बालों के लिये पहचान पत्र की अनिवार्यता आयद की है। उन्होंने बताया है कि नामांकन करने के इच्छुक अभ्यर्थी अपने साथ स्वयं का तथा अपने प्रस्तावक व समर्थक का भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य कोई भी पहचान पत्र (मसलन वोटर कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पेन कार्ड, बैंक पास बुक आदि) तथा उत्तर प्रदेश राज्य विवि अधिनियम की धारा 20 तथा कंपनीज एक्ट 1956 की धारा 6 से संबंधित नोटरी द्वारा सत्यापित घोषणा पत्र/शपथ पत्र नामांकन पत्र के साथ संलग्न करें। शपथ पत्र दस रुपये के स्टाम्प पर हो अथवा नामांकन पत्र के साथ संलग्न घोषणा पत्र में दस रुपये कोर्ट फीस टिकिट चस्पा कर नोटरी से सत्यापित करायें।






Leave a comment