उरई। सगाई की रस्म में भोगनीपुर जा रहे नगर के प्रतिष्ठित परिवार के लोगों पर आटा टोल टैक्स के दबंग कर्मचारियों ने हमला बोल दिया। उनकी तीन-चार गाड़ियों में जमकर तोड़फोड़ की गई। इतना ही नहीं दबंगों ने इन लोगों की बुरी तरह पिटाई भी की। यहां तक कि महिलाओं पर भी हाथ उठाने में संकोच नहीं किया गया।
नेशनल हाईवे पर टोल टैक्स के आटा वैरियर पर कुछ समय से स्टाफ की दबंगी का कहर यहां से गुजरने वाले वाहनों पर टूटना आम बात हो गई है। लेकिन आज तो इसकी इन्तहा ही हो गई। बजरिया के पप्पू मुर्गा वाले अपने परिवार और मेहमानों के साथ अपने लड़के की सगाई के लिए भोगनीपुर जा रहे थे। आटा वैरियर पर टोल कर्मचारियों ने उनको रोका। इस दौरान एक कर्मचारी ने किसी महिला पर छींटाकशी कर दी जिस पर अन्य लोगों ने उसे फटकारने की कोशिश की। इसके बाद तो टोल का दबंग दस्ता एकजुट होकर हमला करने की मुद्रा में आ गया।
जब तक वे लोग कुछ समझ पाते तब तक दबंगों ने गाड़ियों से नीचे घसीटकर उन्हें मारना शुरू कर दिया। महिलाओं को भी इसमें नहीं बख्शा गया। इस बीच उनकी गाड़ियों में लाठियां मारकर शीशे चूर-चूर कर दिए गए। तोड़-फोड़ के कारण गाड़ियों की खिड़कियों, बोनट और इंजन को भी नुकसान पहुंचा। आतंकित लोगों में इसके कारण चीख-पुकार मच गई। किसी ने पुलिस को भी फोन कर दिया।
उधर पुलिस जब तक मौके पर पहुंची तब तक तांडव करने वाली टोल की दबंग टीम रफूचक्कर हो चुकी थी। पुलिस ने हमेशा की तरह पहले तो लीपापोती का प्रयास किया। लेकिन जब पीड़ित परिवार के लोग कार्यवाही के लिए अड़ गए तो पुलिस को मुकदमा लिखने के लिए तैयार होना पड़ा। समाचार लिखे जाने तक थाने में पीड़ित परिवार तहरीर लिखने में जुटा था।
ं






Leave a reply to Vikas singh Cancel reply