
उरई। भाद्रपद मास के अंतिम मंगलवार को जिसे भक्तजन बुढ़वा मंगलवार भी कहते हैं आज नगर व ग्रामीण क्षेत्र के श्रीराम भक्त हनुमान जी के मंदिरों में हजारों हजार भक्तों ने पहुंचकर पूजा अर्चना कर मत्था टेककर आर्शीवाद लिया। तो वहीं अनेकों भक्तों ने इस अवसर पर अखंड रामायण पाठ का भी आयोजन कराया। बुढ़वा मंगलवार को नगर में चहुंओर जहां लंगरों का आयोजन पवनपुत्र के भक्तों ने कराया तो वहीं छोटे से लेकर बड़े हनुमान मंदिरों में विभिन्न प्रकार के धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन देर रात तक चलता रहा।
आज मंगलवार को बुढ़वा मंगल होने के कारण शहर के दो प्रमुख हनुमान मंदिरों ठड़ेश्वरी मंदिर और बांसों वाले पुल के समीप स्थित मंशापूर्ण मंदिर पर एक लाख दर्शनार्थियों की भीड़ पूजा अर्चना करने पहुंची तो वहीं नेशनल हाइवे पर स्थित पीली कोठी पर भी भारी संख्या में भक्त पूजा अर्चना करने पहुंचे। ज्यादा भीड़भाड़ होने वाले वाहनों को व्यवस्थित करने व सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस को कड़ी व्यूह रचना करनी पड़ी तो अनेकों रूटों से भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया था तो अनेकों स्थानों पर पुलिस बल मुस्तैद रहा। प्रातः पांच बजे से ही भक्तों के मंदिरों में पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया जो देर रात तक निर्विघ्न रूप से चलता रहा। हनुमान मंदिरों में बजरंगवली महाराज का बुढ़वा मंगल के उपलक्ष्य में विशेष श्रंगार किया गया था। दोनों मंदिरों में विशेष प्रकाश व्यवस्था की गई थी। दोनों ही मंदिर परिसरों में मेले में बच्चों के खेल और खाने-पीने के सामान व पूजा सामग्री की दर्जनों दुकानें लगाईं गई थी। यातायात व्यवस्था के लिए मंदिरों के आसपास यातायात व्यवस्था में डायवर्जन किया गया था और सीसीटीवी कैमरे से आगंतुकों पर निगाह रखने के लिए चुस्त चैबंद व्यवस्था कर दी गई है। हमारे जालौन संवाददाता के अनुसार बुढ़वा मंगलवार को लेकर नगर ग्रामीण क्षेत्र में स्थित छोटे बडे, नये प्राचीन श्रीराम भक्त हनुमान जी के मंदिरों को सजाया जा रहा है। फूल पत्तियों के साथ बिजली की झालरों से मंदिरों को सजाया जा रहा है। नगर के प्राचीन श्री बिरिया खेडा हनुमान मंदिर इस समय भक्तों का आस्था व विश्वास का केन्द्र बना हुआ है। यहां पर 30 हजार भक्तों के भंडारे के साथ 56 भोग सवामनी हवन के साथ विशेष पूजा अर्चना की गयी। जनपद के सबसे विशालकाय श्री हनुमान जी के इक्कीस फुट वाले हनुमान मंदिर, अलखिया माता मंदिर व पतंगेश्वर मंदिर पर भी भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। हनुमान मंदिरों पर आज से ही श्रीरामचरित मानस का अखण्ड पाठ प्रारम्भ हो गया है। श्री बिरिया खेडा हनुमान मंदिर औरैया रोड व श्री वीर बाला जी मंदिर देवनगर चैराहे पर बुढवा मंगलवार के मौके पर मेले का आयोजन हुआ तथा मंदिर में आने वाले प्रत्येक भक्त को प्रसाद वितरित किया गया। श्री बिरिया खेडा मंदिर के पुजारी नन्कू मिश्रा तथा श्री वीर बाला जी मंदिर के पुजारी कमलेश जी ने भक्तों से अपील की है कि वह धार्मिक आयोजनों में शारिरिक व मानसिक रूप से उपस्थित होकर धार्मिक पुण्य लाभ अर्जित करें तथा प्रसाद अवश्य ग्रहण करें।






Leave a comment