उरई। बहुजन समाज पार्टी के नवनियुक्त कर्णधार जालौन-गरौठा-भोगनीपुर लोक सभा क्षेत्र में व्यूह रचना की दृष्टि से 14 फरवरी को यहां पहली बैठक करने आ रहे हैं। यह बैठक पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी के आवास पर होगी।
बहुजन समाज पार्टी ने अभी से आगामी लोक सभा चुनाव के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। शनिवार को पार्टी नेतृत्व ने नौशाद अली को कानपुर-बुंदेलखंड के जोन प्रभारी पद से उनकी विफलताओं के कारण हटा दिया था और इस क्षेत्र में पार्टी में ताजगी के संचार के लिए डा. अशोक सिद्धार्थ को नई टीम के साथ जोनल कार्डिनेटर बना दिया था।
जालौन गरौठा भोगनीपुर लोक सभा सीट पर बहुजन समाज पार्टी को आज तक केवल एक बार ही 1999 में सफलता मिल पाई है जब इस क्षेत्र से बृजलाल खाबरी निर्वाचित हुए थे। लेकिन पार्टी इस क्षेत्र को अपना मजबूत गढ़ मानती है। पार्टी नेतृत्व को भरोसा है कि अगर तैयारी ठीक से की जाये तो यह सुरक्षित सीट आसानी से उसकी झोली में आ सकती है।
इस बीच पार्टी इस क्षेत्र में बृजलाल खाबरी, विजय चैधरी और तिलक चंद्र अहिरवार जैसे कददावर नेताओं को बाहर कर चुकी है जो कि पार्टी के बेस वोट से संबंधित हैं। इसलिए इस क्षेत्र में पार्टी के लिए चुनौतियां बढ़ गई हैं। इनसे पार पाने, पार्टी के मूल वोट बैंक के बिखराव को थामने और कार्यकर्ताओं के असंतोष पर ठंडा पानी डालने के लिए पार्टी नेतृत्व ने नये तरीके से चैसर बिछाने की कवायद शुरू की है। नये कोर्डिनेटर डा. अशोक सिद्धार्थ और उनकी टीम में शामिल गयाचरण दिनकर, जितेंद्र शंखवार व लालाराम गौतम पार्टी के बेस वोट से ही जुड़े नेता हैं। 14 फरवरी को सुबह 11 बजे घनश्याम अनुरागी के आवास पर होने जा रही बैठक में ये नेता मुख्य रूप से जिले में बेस वोट कैडर की मानसिकता को टटोलेगें।

Leave a comment