*

कोंच-उरई । पांच राज्यों में मंगलवार को आये विधानसभा चुनाव परिणामों में कांग्रेस पार्टी ने क्लीन स्वीप किया है और अधिकांश राज्यों में भाजपा को सत्ता से बंदखल किया है। इस उपलब्धि पर यहां भी कांग्रेस खेमे में जश्न का माहौल है। दर्जनों कांग्रेसी हाथों में तिरंगा लेकर सड़कों पर निकल पड़े और ढोल नगाड़ों की धुनों पर जमकर नाचे। कांग्रेस कार्यालय में जुटे बुजुर्ग कांग्रेसियों ने भी खुशी का इजहार करते हुये मिठाइयां बांटीं। करारी हार के चलते भाजपा खेमे में मायूसी है, यहां तक कि अधिकांश भाजपाई भूमिगत से रहे।

छत्तीसगढ, राजस्थान और मध्यप्रदेश में कांग्रेस को मिली भारी जीत का खुमार कोंच की सड़कों पर भी दिखा। क्या नये और क्या पुराने, सभी तरह के कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता खुश दिखे और जीत का जश्न भी मनाया। नगर के बाजारों में नाचते कांग्रेसियों ने जनता का अभिवादन किया और अपनी खुशी का इजहार किया। इसके बाद ऐतिहासिक स्मारक चंदकुंआ पर पहुंचे कांग्रेसियों ने लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कांग्रेस नगर अध्यक्ष प्रभुदयाल गौतम ने इस जीत को लोकतंत्र की जीत बताते हुये कहा है कि इन चुनावों को 2019 लोकसभा चुनाव का सेमीफाइनल बता डाला। कहा कि मोदी और अमित शाह जिस तरह से हिटलरशाही से शासन चला रहे हैं उससे आम जनता काफी नाराज है और भाजपा का कार्यकर्ता भी नाखुश है जिसके चलते अब भाजपा का काउंटडाउन शुरू हो गया है और 2019 में भाजपा का सूपड़ा साफ होगा। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष प्रभुदयाल गौतम, प्रमोद शुक्ला, मिजाजीलाल निरंजन, हाजी मोहम्मद अहमद, हाजी सेठ नसरुल्ला, अखिल वैद, राघवेन्द्र तिवारी, लालप्रताप सिंह, आनंद अग्रवाल, सभासद अनिल पटैरया, दंगलसिंह यादव, राजेन्द्र निगम, प्रधव मिश्रा, आजाद उद्दीन, अमित रावत, श्रीनारायण दीक्षित, रवि गौतम, रामकिशोर पुरोहित सहित तमाम कांग्रेसी मौजूद रहे।

Leave a comment