शैक्षिक महासंघ बेसिक शिक्षा अधिकारी के कार्यालय के एक भ्रष्ट समन्वयक के खिलाफ खोलेगा मोर्चा, संगठन के पास है पूरा कच्चा चिटठा


उरई। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की जिला इकाई की बैठक करसान रोड स्थित मंसूरी मदरसे में सम्पन्न हुयी जिसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह चैहान ने की । संचालन एडेड संवर्ग के जिला महांमत्री विकास कुमार ने किया।
     शुरूआत में मंचासीन पदाधिकारियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यापर्ण और दीप प्रज्जवलन किया । बैठक के बारे में प्रदेशीय मीडिया प्रमुख बृजेश श्रीवास्तव ने बताया कि गत 23 दिसम्बर को शिक्षिकों की ज्वलंत समस्याओं पर महासंघ के प्रदेशीय नेतृत्व ने बेसिक शिक्षा के प्रमुख सचिव और स्कूल शिक्षा के महा निदेशक को ज्ञापन सौंपा था जिसमें 14 मांगे शामिल थी।
     महासंघ की वार्ता के क्रम में ही विभाग द्वारा जनपदों को पदोन्नति के निर्देश दिये गये हैं। जिसके तारतम्य में बीएसए ने अपने यहां खण्ड शिक्षा अधिकारियों को शिक्षकों की वरिष्ठता सूची तैयार करने को कहा था। जिला महामंत्री इलयास मंसूरी का कहना है कि ब्लाॅक व नगर इकाइयों के माध्यम से शिक्षकों की जो भी समस्यायें जिला इकाई को प्राप्त होती है उन समस्याओं को जिला इकाई द्वारा ससमय निस्तारित कराने का पूर्ण प्रयास किया जाता है फिर भी संज्ञान में आया है कि बीएसए कार्यालय में एक जिला समन्वयक द्वारा भ्रष्टाचार व शिक्षकों का शोषण किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट बनाने के नाम पर रिश्वत ली गयी है जिसके साक्ष्य संगठन के पास उपलब्ध हैं। ऐेसे भ्रष्ट समन्वयक की शिकायत शासन स्तर तक की जायेगी।
     एक भ्रष्ट लिपिक द्वारा शिक्षिका के साथ अभद्रता करने का मामला संगठन के संज्ञान में आया है जिसे कभी भी बर्दास्त नहीं किया जायेगा। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ सदैव भ्रष्टाचारियों को सबक सिखाता आया है और शिक्षक भाई बहिनों के सम्मान के साथ कोई समझौता नहीं किया जायेगा। एडेड संवर्ग के जिलाध्यक्ष उपेन्द्र शर्मा ने एडेड स्कूलों के शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की । जिला संघर्ष समिति के अध्यक्ष राज देवर ने कदौरा ब्लाक के खण्ड शिक्षा अधिकारी द्वारा की जा रही अनियमितताओं पर रोष प्रकट किया । जिला संयुक्त महामंत्री अरविन्द स्वर्णकार ने भी कई मुददे उठाये ।
      बैठक में जिला सदस्यता प्रमुख रियायत बेग, जिला उपाध्यक्ष रमाकांत त्रिपाठी, सरला कुशवाहा, जिला महामंत्री धीरेन्द्र त्रिपाठी , कार्यकारी जिलाध्यक्ष संजीव गुर्जर आदि दर्जनों शिक्षक उपस्थित थे। 

Leave a comment