उरई |
दीवौलिया संस्कार पैलेस रिसोर्ट में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत आयोजित दस दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह उत्साह और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। यह आयोजन पारंपरिक कारीगरों और श्रमिकों को आधुनिक कौशल से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
समारोह में यू.पी.आई.डी. की अध्यक्ष क्षिप्रा शुक्ला, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष उर्विजा दीक्षित तथा उपायुक्त उद्योग प्रभात यादव की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना सरकार की वह पहल है, जो पारंपरिक शिल्प और हुनर को नई पहचान दिला रही है। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से कारीगरों और लघु उद्यमियों को सशक्त बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर भारत की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है।
उपायुक्त उद्योग प्रभात यादव ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को तकनीकी दक्षता, व्यावसायिक ज्ञान और आधुनिक कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई, जिससे वे स्वरोजगार के माध्यम से अपनी आजीविका को मजबूत बना सकें।
कार्यक्रम में योजना के अंतर्गत संचालित सभी ट्रेड्स के प्रशिक्षार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समापन अवसर पर लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि प्रशिक्षण से उन्हें न केवल नया हुनर मिला, बल्कि आत्मविश्वास भी बढ़ा है।







Leave a comment