राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का भव्य समापन, जनजागरूकता से घटे हादसे
उरई |
पुलिस लाइन सभागार, उरई में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह (01 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026) का समापन समारोह भव्यता और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। पूरे माह चले जागरूकता अभियानों, यातायात अनुशासन और दुर्घटनाओं में कमी लाने के प्रयासों की इस अवसर पर सराहना की गई।
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचन्द्र निरंजन, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह सहित अनेक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल एक माह का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाला जनआंदोलन है। आम नागरिकों की भागीदारी, छात्र-छात्राओं की सक्रिय भूमिका और विभागीय समन्वय से ही सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है। उन्होंने यातायात नियमों के पालन को जीवन रक्षा का मूल मंत्र बताते हुए जागरूकता अभियानों को और अधिक मजबूत करने पर बल दिया।
पूरे माह यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में एनएसएस और एनसीसी के छात्र-छात्राओं की विशेष भूमिका रही। उनके सहयोग से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, रैलियां और अभियान संचालित किए गए, जिसके परिणामस्वरूप जनवरी माह में सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई।
समारोह के दौरान सड़क सुरक्षा माह में सहयोग प्रदान करने वाले विभागों, स्टेक-होल्डर्स, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों, वाहन विक्रेताओं एवं एनएसएस-एनसीसी स्वयंसेवकों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
अंत में उपस्थित सभी लोगों को सड़क सुरक्षा संबंधी शपथ दिलाई गई और यातायात नियमों के पालन का संकल्प लेते हुए राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का औपचारिक समापन किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी सुरेश कुमार, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी राजेश कुमार, बेसिक शिक्षा अधिकारी चन्द्रप्रकाश, यातायात प्रभारी बीर बहादुर सिंह, यूपीडा, एनएचएआई के अधिकारी, विभिन्न वाहन डीलरों के प्रतिनिधि तथा जनपद के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।








Leave a comment