उरई |
आगामी 22 फरवरी को आयोजित होने वाले मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर की तैयारियों को लेकर दीवानी न्यायालय में कृषि विभाग, उद्यान विभाग एवं जिला कारागार प्रशासन के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिला जज प्रथम एवं नोडल अधिकारी श्री सतीश चन्द्र द्विवेदी ने उपस्थित अधिकारियों को शिविर के सफल आयोजन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सचिव (पूर्णकालिक) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शाम्भवी प्रथम ने जानकारी देते हुए बताया कि यह मेगा शिविर राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के क्रम में आयोजित किया जा रहा है। शिविर का आयोजन 22 फरवरी को राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर में किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शिविर का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को विधिक रूप से सशक्त बनाना तथा उन्हें विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाना है। इस अवसर पर जिले के सभी विभागों द्वारा अलग-अलग कैंप लगाए जाएंगे, जहां आमजन को योजनाओं से संबंधित जानकारी और लाभ प्रदान किया जाएगा।
अपर जिला जज सतीश चन्द्र द्विवेदी ने सभी विभागों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के साथ समन्वय स्थापित करते हुए पूर्ण सहयोग देने के निर्देश दिए, ताकि मेगा शिविर का आयोजन सफल एवं सार्थक हो सके। उन्होंने अधिकारियों से अपने-अपने विभागों की संचालित योजनाओं की सूची शीघ्र जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय में भेजने को भी कहा।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर जेल अधीक्षक जिला कारागार नीरज देव, जिला कृषि अधिकारी गौरव यादव तथा जिला उद्यान विभाग से प्रतिनिधि विवेक कुमार उपस्थित रहे।








Leave a comment