उरई के कक्षा 11 के छात्र ने 3.25 सेकंड का पुराना रिकॉर्ड तोड़ा, डीएम समीर ने सम्मानित कर बढ़ाया हौसला

उरई। कंप्यूटर की-बोर्ड पर अंग्रेजी वर्णमाला टाइप करने में जहां आमतौर पर कुछ सेकंड लगते हैं, वहीं उरई के छात्र कुनाल जाटव ने इसे महज 3.17 सेकंड में पूरा कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करा लिया। डिवाइन मर्सी स्कूल में कक्षा 11 के छात्र कुनाल ने 3.25 सेकंड के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की है।

कुनाल की इस सफलता पर जिलाधिकारी समीर ने उन्हें सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कुनाल की उपलब्धि दूसरे विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है। निरंतर अभ्यास, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से सफलता की नई ऊंचाइयां हासिल की जा सकती हैं।

शहर के बघौरा मोहल्ले के निवासी कुनाल के पिता संतोष कुमार जाटव सरकारी शिक्षक हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं। कुनाल को कंप्यूटर और तकनीक के क्षेत्र में विशेष रुचि है। लगातार अभ्यास के जरिए उन्होंने टाइपिंग की गति में महारत हासिल की। उनकी दिलचस्पी केवल रिकॉर्ड बनाने तक सीमित नहीं है। वह खेलों से जुड़े कई सॉफ्टवेयर भी बना चुके हैं और तकनीक के क्षेत्र में नए प्रयोग करना चाहते हैं।

कुनाल का सपना भविष्य में टेक आंत्रप्रेन्योर बनकर अपना उद्यम खड़ा करना है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुई यह उपलब्धि उनके इसी तकनीकी सफर की एक महत्वपूर्ण शुरुआत मानी जा रही है।

Leave a Reply