जनसुनवाई में बुजुर्ग महिला ने बताई थी बेबसी, डीएम समीर ने कांशीराम कॉलोनी पहुंचकर उपलब्ध कराई खाद्य सामग्री और दवाएं

उरई। जनसुनवाई में 95 वर्षीय मुल्ला देवी की बेबसी सुनकर जिलाधिकारी समीर ने उन्हें सिर्फ आश्वासन नहीं दिया, बल्कि अगले ही दिन उनके घर पहुंचकर मदद भी पहुंचाई। कांशीराम कॉलोनी में रहने वाली बुजुर्ग महिला के घर में भोजन बनाने तक का सामान नहीं था। डीएम ने उन्हें खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई और स्वास्थ्य खराब होने की जानकारी मिलने पर तत्काल चिकित्सक को बुलाकर जांच तथा दवाओं का इंतजाम कराया।

बताया गया कि गत दिवस कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई के दौरान मुल्ला देवी अपनी फरियाद लेकर पहुंची थीं। उन्होंने डीएम को बताया कि उनका कोई सहारा नहीं है और घर में भोजन तैयार करने के लिए जरूरी सामग्री भी उपलब्ध नहीं है। उनकी स्थिति जानकर जिलाधिकारी ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि प्रशासन उनकी मदद करेगा और वह स्वयं उनके घर पहुंचेंगे।

बुधवार को डीएम समीर कांशीराम कॉलोनी स्थित उनके आवास पर पहुंचे। उन्होंने बुजुर्ग महिला का हालचाल जाना और भोजन तैयार करने के लिए आवश्यक खाद्य सामग्री दी। बातचीत के दौरान महिला की तबीयत ठीक न होने की जानकारी मिलने पर चिकित्सक को तत्काल घर भेजा गया। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उन्हें आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुल्ला देवी की जरूरतों और स्वास्थ्य का नियमित ध्यान रखा जाए तथा समय-समय पर उनके घर जाकर हालचाल लिया जाए। प्रशासन की इस पहल ने जनसुनवाई को महज शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया से आगे बढ़ाकर जरूरतमंद को सीधे राहत पहुंचाने की मिसाल के रूप में प्रस्तुत किया।

Leave a Reply