कांशीराम कॉलोनी के उच्चीकृत प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण; खंड शिक्षा अधिकारी को भी चेतावनी जारी करने के आदेश

उरई। विद्यालयों में शिक्षकों की गैरहाजिरी और पढ़ाई की व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी समीर ने सख्त रुख अपनाया है। मान्यवर कांशीराम कॉलोनी स्थित उच्चीकृत प्राथमिक विद्यालय के औचक निरीक्षण में प्रधानाध्यापक सहित तीन शिक्षिकाओं के लंबे समय से छुट्टी पर रहने का मामला सामने आया। इस पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को तीनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की कार्रवाई के निर्देश दिए। क्षेत्र में प्रभावी पर्यवेक्षण न करने पर खंड शिक्षा अधिकारी को भी चेतावनी जारी करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने कक्षा छह, सात और आठ में पहुंचकर विद्यार्थियों से बातचीत की और उनकी पढ़ाई तथा विषयों की समझ परखी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। इसके लिए विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति और बेहतर शैक्षिक वातावरण जरूरी है।

कुछ बच्चे निर्धारित यूनिफॉर्म में नहीं मिले। इस पर डीएम ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को अभिभावकों को जागरूक कर बच्चों को नियमित रूप से यूनिफॉर्म में विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय को मॉडल विद्यालय के रूप में विकसित करने पर जोर देते हुए शिक्षा की गुणवत्ता, अनुशासन, स्वच्छता और बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने को कहा।

डीएम ने विद्यालय में नामांकित दिव्यांग छात्रा श्रुति से भी बातचीत की और उसकी पढ़ाई की जानकारी ली। छात्रा अपनी नोटबुक में एक, दो, तीन लिखकर अभ्यास करती मिली। डीएम ने निर्देश दिए कि दिव्यांग और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को जरूरी शिक्षण सहयोग दिया जाए, ताकि वे भी शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ सकें।

लंबे समय से छुट्टी पर पाई गई प्रधानाध्यापक अल्पना गुप्ता, सहायक अध्यापक शोभा गुप्ता और दीपशिखा के मामले में निलंबन की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी प्रीति राजपूत को चेतावनी जारी करने को कहा गया। डीएम ने अधिकारियों को नियमित विद्यालय निरीक्षण कर शिक्षकों की उपस्थिति और बच्चों की शैक्षिक प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चौधरी, खंड शिक्षा अधिकारी प्रीति राजपूत सहित संबंधित अधिकारी एवं शिक्षक मौजूद रहे।

Leave a Reply