ईंटों से लदा ट्रक डिवाइडर में फंसकर बना आग का गोला, एसपी सुरेश चंद्र रावत ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच के निर्देश दिए
उरई। बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर बुधवार तड़के एक भीषण हादसे में ईंटों से लदे ट्रक के चालक की जलकर मौत हो गई। औरैया से इटावा की ओर जाने वाली लेन पर चैनल नंबर 209 के पास ट्रक अनियंत्रित होकर दोनों लेन के बीच बने डिवाइडर में फंस गया। इसके बाद उसमें आग लग गई। आग बुझाने और रेस्क्यू के दौरान मलबे से चालक का जला हुआ शव बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब पांच बजे हुआ। प्रारंभिक जानकारी में ट्रक चालक को झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। सूचना मिलते ही पुलिस, एक्सप्रेस-वे की टीम और स्थानीय अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
हादसे की सूचना पर पुलिस अधीक्षक जालौन सुरेश चंद्र रावत ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों को मलबा जल्द हटवाने और घटना के कारणों की गहन जांच करने के निर्देश दिए। ट्रक ईंटों से पूरी तरह लदा होने के कारण मलबा हटाने का काम जारी रहा।
पुलिस के मुताबिक, हादसे में चालक की मौत की पुष्टि हुई है। घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।







Leave a Reply