कालपी -उरई । नक्शे पर तो इमिलिया खुर्द मौजूद है, पर जमीन पर विकास आज भी वहां तक नहीं पहुंचा। तहसील के बीहड़ इलाके में बसे इस गांव की एकमात्र संपर्क सड़क सालों से बदहाल है, और अब ग्रामीणों का सब्र जवाब दे गया है।
इसी मांग को लेकर बुधवार को ग्राम इमिलिया खुर्द के ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्रीय विधायक विनोद चतुर्वेदी से उनके आवास पर भेंट की। ग्रामीणों ने विधायक को ज्ञापन सौंप कर बताया कि गांव तक जाने वाली कच्ची सड़क पूरी तरह टूट चुकी है। बरसात में तो गांव का संपर्क ही टूट जाता है।
ग्रामीणों ने कहा – यह सड़क नहीं, सम्मान का सवाल है
ग्रामीणों ने विधायक के सामने अपनी व्यथा रखते हुए कहा कि बीमार होने पर एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती, स्कूली बच्चे कीचड़ में गिरकर स्कूल जाते हैं और किसान अपनी फसल मंडी तक नहीं ले जा पाते। ग्रामीणों ने दो टूक कहा कि, “यह लड़ाई सिर्फ एक सड़क की नहीं, बल्कि समानता, गरिमा और विकास के अधिकार की है।”
मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक विनोद चतुर्वेदी ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि इमिलिया खुर्द की सड़क का प्रस्ताव प्राथमिकता में लेकर शासन को भेजा जाएगा और बहुत जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
इस दौरान सोनू, सुनील कुमार, राजेश, राजन, रामबाबू, सुनील, भूरा पाल, संगम सिंह, सुरेंद्र, सुरेश, मोहित, समाजसेवी जाविद समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।





Leave a Reply