व्यापार मंडल और ऑटो रिक्शा यूनियन के पदाधिकारियों से एएसपी डॉ. ईशान सोनी ने किया संवाद, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील

उरई। आगामी त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए जालौन पुलिस ने सुरक्षा एवं व्यवस्था की तैयारियां शुरू कर दी हैं। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने पुलिस लाइन सभागार में व्यापार मंडल और ऑटो रिक्शा यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर चर्चा की।

बैठक में एएसपी ने व्यापारियों और ऑटो चालकों से अपील की कि बाजारों में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को दें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने बाजारों में भीड़ के दौरान सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने, अवैध पार्किंग पर रोक लगाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या सुरक्षा व्यवस्था में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक का उद्देश्य व्यापारियों, वाहन चालकों और पुलिस के बीच समन्वय बनाकर त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराना रहा।

Leave a Reply