जालौन-उरई।
जनपद जालौन में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला जालौन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जागनेवा हीरापुर के समीप लोहिया पुल के पास का है, जहां दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा अचानक हुआ, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को संभाला और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि हादसा श्रमदान मार्ग के पास हुआ, जहां अक्सर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की शिकायतें सामने आती रहती हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
लगातार हो रहे सड़क हादसे प्रशासन और आमजन दोनों के लिए गंभीर चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। ऐसे में यातायात नियमों के पालन और सतर्कता बरतने की सख्त आवश्यकता महसूस की जा रही है।






Leave a comment