विकास कार्यों में देरी पर डीएम सख्त, मार्च तक पूर्णता के दिए निर्देश

उरई, 13 फरवरी 2026 (सू.वि.)।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड जिला अनुश्रवण की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में नर्सिंग कॉलेज निर्माण कार्य में हो रही देरी पर कार्यदायी संस्था को कड़ी फटकार लगाते हुए मार्च माह तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही जल निगम नगरीय को नगर पालिका परिषद कदौरा, कोंच, उरई के सुशील नगर, नगर पंचायत नदीगांव, रामपुरा, माधौगढ़ एवं ऊमरी में चल रही जलापूर्ति योजनाओं को समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड को लंबित तीन सेतु शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। वहीं उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन लिमिटेड के अधिशासी अभियंता को जिला कारागार भवन, मेडिकल कॉलेज के क्रिटिकल केयर ब्लॉक तथा जालौन तहसील के अनावासीय भवन निर्माण में विलंब पर स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने यूपी सिडको को सर्वोदय विद्यालय बबीना का कार्य समय से पूरा कराने, जबकि उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड को उपकेंद्र डकोर एवं महेवा को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

लोक निर्माण विभाग को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित अभिलेखागार का शीघ्र हस्तांतरण सुनिश्चित करने तथा सिंचाई व नलकूप विभाग को परियोजनाओं को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। पुलिस आवास निगम एवं ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को भवन हस्तांतरण में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।

इसके अलावा यू.पी.आर.एन.एस.एस. को गौ संरक्षण केंद्र रोमई, रतही एवं पहाड़ी का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण संघ सहकारी लिमिटेड को विलंबित कार्यों पर कड़ी फटकार लगाते हुए गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं पशु चिकित्साधिकारी को नियमित पर्यवेक्षण करने के निर्देश दिए।

आवास-विकास परिषद द्वारा प्रोजेक्ट अलंकार के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों तथा जल निगम ग्रामीण द्वारा रोड रेस्टोरेशन एवं ग्रामीण जलापूर्ति कार्यों में लापरवाही पर भी जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा सभी योजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाएगा।


Leave a comment