महाशिवरात्रि को लेकर एसपी ने किया मंदिर परिसर का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश

उरई।
आगामी महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने थाना कैलिया क्षेत्र अंतर्गत स्थित श्री परमहंस बद्री दास जी महाराज मंदिर, देवगांव का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने मंदिर परिसर, श्रद्धालुओं की आवाजाही, यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा से जुड़े समस्त पहलुओं का गहनता से जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने, पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने, महिला एवं वरिष्ठ नागरिक श्रद्धालुओं की विशेष सहायता करने तथा संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि के अवसर पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। इसके लिए पुलिस विभाग पूरी सतर्कता और तत्परता के साथ कार्य करेगा।

निरीक्षण के दौरान संबंधित थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a comment

Recent posts